सीमांत नीति घाटी में दौड़ेगा नया उत्तराखंड: मुख्यमंत्री धामी ने ‘नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन 2026’ के काउंटडाउन रन को दिखाई हरी झंडी

देहरादून। उत्तराखंड को एडवेंचर स्पोर्ट्स और सीमांत पर्यटन का नया केंद्र बनाने की दिशा में राज्य सरकार ने एक और बड़ा कदम बढ़ाया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में आयोजित “नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन 2026” के काउंटडाउन रन कार्यक्रम को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने मशाल प्रज्ज्वलित कर प्रतिभागियों के साथ प्रतीकात्मक दौड़ में भी हिस्सा लिया और युवाओं का उत्साह बढ़ाया।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण “क्यालु- हिम तेंदुआ” शुभंकर रहा, जिसका अनावरण मुख्यमंत्री ने किया। हिमालयी जैव विविधता और उत्तराखंड की प्राकृतिक पहचान को दर्शाने वाला यह शुभंकर प्रतिभागियों और युवाओं के बीच खास आकर्षण का केंद्र बना रहा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन केवल एक खेल आयोजन नहीं, बल्कि सीमांत क्षेत्रों में नई ऊर्जा, नए अवसर और नए विश्वास को जागृत करने का अभियान है। उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड के युवाओं में साहस, संकल्प और देश के लिए कुछ बड़ा करने का जज्बा कूट-कूट कर भरा है और आज यहां दिखाई दे रहा उत्साह आने वाले समय में नीति घाटी की ऊंचाइयों पर नया इतिहास रचेगा।

उन्होंने कहा कि यह दौड़ केवल शारीरिक क्षमता की परीक्षा नहीं, बल्कि इच्छाशक्ति, धैर्य और आत्मविश्वास को मजबूत करने का माध्यम भी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि नीति घाटी जैसे दुर्गम और चुनौतीपूर्ण क्षेत्र में दौड़ना आसान नहीं है। इसके लिए बुलंद हौसले, हिमालय जैसा अडिग विश्वास और हर चुनौती को स्वीकार करने का साहस जरूरी है। उन्होंने प्रतिभागियों को उत्तराखंड के साहस, पर्यटन और सामर्थ्य का ब्रांड एंबेसडर बताया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज उत्तराखंड केवल प्राकृतिक सौंदर्य और आध्यात्मिक चेतना की भूमि नहीं, बल्कि तेजी से आगे बढ़ते नए भारत और नए उत्तराखंड की पहचान बन चुका है। उन्होंने विश्वास जताया कि नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन राज्य की शक्ति, सामर्थ्य और साहसिक पर्यटन की नई पहचान बनेगा।

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उस विजन का भी उल्लेख किया, जिसमें सीमांत गांवों को देश का अंतिम नहीं बल्कि पहला गांव बताया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह आयोजन उसी सोच को जमीन पर उतारने का प्रयास है। इससे सीमांत क्षेत्रों में पर्यटन, रोजगार, होमस्टे, स्थानीय उत्पादों और युवा उद्यमिता को नई गति मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आगामी 31 मई को नीति घाटी की दुर्गम और पवित्र धरती पर होने वाला यह आयोजन उत्तराखंड के खेल और एडवेंचर टूरिज्म के इतिहास में स्वर्णिम अध्याय लिखेगा। उन्होंने खुशी जताई कि देश के 27 राज्यों और दो अन्य देशों से 900 से अधिक प्रतिभागियों ने इस अल्ट्रा रन के लिए पंजीकरण कराया है, जो इस आयोजन की बढ़ती लोकप्रियता का प्रमाण है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में फिट इंडिया मूवमेंट, खेलो इंडिया और राष्ट्रीय खेलों जैसे अभियानों ने देश में खेल और फिटनेस को जनआंदोलन का रूप दिया है। राज्य सरकार भी उत्तराखंड को देश का अग्रणी एडवेंचर स्पोर्ट्स और स्पोर्ट्स टूरिज्म डेस्टिनेशन बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है।

मुख्यमंत्री ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि वे पूरे आत्मविश्वास, अनुशासन और ऊर्जा के साथ दौड़ में हिस्सा लें तथा सुरक्षित रूप से इस चुनौतीपूर्ण दौड़ को पूरा कर नीति घाटी में नया इतिहास रचें।

इस अवसर पर सचिव पर्यटन धीराज गर्ब्याल, पर्यटन विकास परिषद के अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी नरेंद्र भंडारी सहित बड़ी संख्या में प्रतिभागी और अधिकारी मौजूद रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.

Account Suspended
Account Suspended
This Account has been suspended.
Contact your hosting provider for more information.

https://www.breaknwaves.com/jet_skis_boat_rentals.html