रुड़की में मेधावी छात्रों का सम्मान, CM धामी बोले- युवाओं के ज्ञान और संस्कार से बनेगा विकसित भारत

हरिद्वार, 27 जुलाई 2026। रुड़की में आयोजित प्रतिभा सम्मान समारोह में हाईस्कूल और इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सम्मानित किया। विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षण संस्थान, उत्तराखंड की ओर से आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि मेहनत, अनुशासन और संस्कार के बल पर जीवन में किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।

मुख्यमंत्री ने लगातार तीसरे वर्ष प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को सम्मानित करने का अवसर मिलने को अपने लिए सौभाग्य बताया। उन्होंने कहा कि मेधावी विद्यार्थियों को मिला सम्मान उनके आत्मविश्वास को बढ़ाएगा और उन्हें भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करेगा।

विद्या भारती के शिक्षा मॉडल की सराहना

मुख्यमंत्री धामी ने विद्या भारती की शिक्षा व्यवस्था की सराहना करते हुए कहा कि संगठन ने सनातन संस्कृति, राष्ट्रभक्ति और भारतीय जीवन मूल्यों पर आधारित शिक्षा के माध्यम से देशभर में शिक्षा और संस्कार की मजबूत नींव तैयार की है।

उन्होंने कहा कि वर्ष 1952 में गोरखपुर से शुरू हुआ सरस्वती शिशु मंदिर आज एक विशाल वटवृक्ष का रूप ले चुका है। वर्तमान में विद्या भारती देशभर में करीब 45 लाख विद्यार्थियों को शिक्षा और संस्कार प्रदान कर रही है। उत्तराखंड में संगठन के 562 विद्यालयों में करीब सवा लाख विद्यार्थी शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने विद्या भारती के आचार्यों, स्वयंसेवकों और कार्यकर्ताओं के योगदान की भी सराहना की।

आनंद स्वरूप आर्य सरस्वती विद्या मंदिर शिशु वाटिका का लोकार्पण

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आनंद स्वरूप आर्य सरस्वती विद्या मंदिर शिशु वाटिका का लोकार्पण भी किया। उन्होंने कहा कि बच्चों को प्रारंभिक स्तर से ही गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ संस्कार और भारतीय संस्कृति से जोड़ना बेहद जरूरी है।

उत्तराखंड में नई शिक्षा नीति पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड ने देश में सबसे पहले नई शिक्षा नीति लागू कर शिक्षा व्यवस्था को आधुनिक, व्यावहारिक और रोजगारपरक बनाने की दिशा में कदम उठाया है।

उन्होंने बताया कि सरकारी विद्यालयों में स्मार्ट क्लास, नि:शुल्क पाठ्यपुस्तकें, जूते-बैग वितरण, मुख्यमंत्री मेधावी छात्र प्रोत्साहन योजना, भारत भ्रमण कार्यक्रम, मॉडल कॉलेज, आईटी लैब और छात्रावास जैसी सुविधाओं पर काम किया जा रहा है।

इसके साथ ही कौशल विकास, भारतीय ज्ञान परंपरा और उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए ‘कौशलम्’ कार्यक्रम भी संचालित किया जा रहा है।

नकल विरोधी कानून और 34 हजार युवाओं को सरकारी नौकरी का दावा

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करने के उद्देश्य से देश का सबसे कठोर नकल विरोधी कानून लागू किया है। इसके सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं।

उन्होंने कहा कि पिछले पांच वर्षों में 34 हजार से अधिक युवाओं को पारदर्शी प्रक्रिया के तहत सरकारी नौकरियां प्रदान की गई हैं। इसके अलावा UPSC, NDA और CDS जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं के अभ्यर्थियों को लिखित परीक्षा उत्तीर्ण करने के बाद आगे की तैयारी के लिए ₹50 हजार की वित्तीय सहायता दी जा रही है।

‘युवा ही भारत का वर्तमान और भविष्य’

मुख्यमंत्री धामी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि युवा भारत का वर्तमान और भविष्य हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं के ज्ञान, संस्कार, राष्ट्रभक्ति और नेतृत्व क्षमता के बल पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को साकार किया जा सकता है।

उन्होंने विद्यार्थियों से लक्ष्य निर्धारित कर मेहनत करने और देश के प्रति अपनी जिम्मेदारी समझने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं की प्रतिभा और क्षमता के बल पर भारत को पुनः विश्वगुरु के रूप में स्थापित करने का लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।

कार्यक्रम में ये लोग रहे मौजूद

कार्यक्रम में आनंद स्वरूप आर्य सरस्वती विद्या मंदिर की अध्यक्ष कौशल्या देवी आर्या, विद्या भारती के केंद्रीय संगठन मंत्री डोमेश्वर साहू, भारतीय शिक्षा समिति की मंत्री डॉ. रजनीकांत शुक्ला, IIT रुड़की के निदेशक कमल किशोर पंत, जिला पंचायत अध्यक्ष किरण चौधरी, रुड़की मेयर अनीता अग्रवाल, भाजपा रुड़की जिलाध्यक्ष डॉ. मधु सिंह, राज्यमंत्री श्यामवीर सिंह सैनी, दिनेश कौशिक, अजीत चौधरी और आदेश सैनी सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

इसके अलावा जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट दीपक रामचंद्र सेठ, उप जिलाधिकारी भगवानपुर देवेंद्र नेगी सहित विभिन्न जिलों से आए विद्यार्थी, अभिभावक और शिक्षक भी कार्यक्रम में शामिल हुए।

Leave A Reply

Your email address will not be published.

https://www.breaknwaves.com/jet_skis_boat_rentals.html