संसद में गूंजा उत्तराखंड में अवैध खनन का मुद्दा, त्रिवेंद्र सिंह रावत ने प्रशासन को घेरा
हरिद्वार: बीजेपी सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत ने लोकसभा में उत्तराखंड में अवैध खनन को लेकर गंभीर चिंता जताई है। उन्होंने सदन में कहा कि राज्य के विभिन्न जिलों में रात के समय अवैध खनन के लिए ट्रकों का संचालन हो रहा है, जिससे न केवल पर्यावरण और कानून व्यवस्था पर प्रभाव पड़ रहा है, बल्कि जनता की सुरक्षा भी खतरे में है। त्रिवेंद्र ने आरोप लगाया कि राज्य प्रशासन की मिलीभगत से यह खनन गतिविधियां हो रही हैं और इसके कारण प्रदेश की सड़कों और पुलों को भारी नुकसान हो रहा है।
केंद्र और राज्य सरकार से की यह अपील: त्रिवेंद्र सिंह रावत ने सरकार से अवैध खनन पर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की। उन्होंने एक विशेष टास्क फोर्स बनाने का सुझाव दिया, जो इस समस्या पर पूरी तरह से नजर रखे। साथ ही उन्होंने रात के समय खनन ट्रकों के संचालन पर प्रतिबंध लगाने और चेक पोस्ट लगाने की भी अपील की। सांसद ने यह भी कहा कि जो खनन माफिया और ट्रक मालिक इन अवैध गतिविधियों में शामिल हैं, उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए और अधिकारियों की लापरवाही के लिए उन्हें भी जिम्मेदार ठहराया जाए।
कांग्रेस ने उठाया बीजेपी पर हमला: त्रिवेंद्र सिंह रावत के इस बयान पर कांग्रेस ने बीजेपी को घेरने का मौका पाया। उत्तराखंड कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने सोशल मीडिया पर इस वीडियो को शेयर करते हुए तंज कसा। उन्होंने लिखा, “पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने संसद में खनन के मुद्दे को उठाया, लेकिन राज्य सरकार के कानों में रुई डाली हुई है और आंखों पर पट्टी बंधी हुई है।” कांग्रेस ने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा की सरकार जानबूझकर इस गंभीर मुद्दे पर चुप है।
https://twitter.com/KaranMahara_INC/status/1905273087458689289
संवेदनशील मुद्दा:
सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत ने इसे “संवेदनशील और गंभीर विषय” बताते हुए कहा कि यह सिर्फ पर्यावरण के लिए नुकसानदायक नहीं है, बल्कि यह उत्तराखंड की जनता के लिए भी खतरे का कारण बनता है। उन्होंने बताया कि खनन माफिया, प्रशासन के संरक्षण में अवैध रूप से खनन कर नदियों का सीना चीर रहे हैं, जिससे आने वाले समय में गंभीर परिणाम हो सकते हैं।