देहरादून। शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। मामला विकासनगर क्षेत्र का है, जहां पीड़िता ने आरोपी के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए कोतवाली में तहरीर दी थी।
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि ढकरानी, विकासनगर निवासी मोहम्मद सलीम पुत्र नजर मोहम्मद ने उसे शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण किया। जब युवती ने आरोपी से शादी की बात की, तो आरोपी के माता-पिता ने निकाहनामा अस्वीकार कर दिया और पीड़िता तथा उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दी।
पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने तुरंत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। मामला संवेदनशील होने के कारण एसएसपी अजय सिंह ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम का गठन किया। गठित पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी सलीम को विकासनगर क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।