5 माह में 35 लाख रुपये के प्रतिबंधित कैप्सूलों की खरीद का खुलासा, उत्तराखंड में फैला था अवैध सप्लाई नेटवर्क
देहरादून। उत्तराखण्ड को नशामुक्त बनाने के लिए चलाए जा रहे “ड्रग्स फ्री देवभूमि” अभियान के तहत एसटीएफ और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) को बड़ी सफलता मिली है। प्रतिबंधित ट्रामाडोल कैप्सूलों की तस्करी से जुड़े एक बड़े नेटवर्क का खुलासा करते हुए एसटीएफ ने इस गिरोह के मुख्य सहयोगी एवं मुजफ्फरनगर स्थित श्री सिद्धबली फार्मा स्टोर के संचालक सचिन मनिहाल को गिरफ्तार किया है।
यह कार्रवाई 11 मई 2026 को हरिद्वार जनपद के मंगलौर क्षेत्र से बरामद किए गए 18 हजार प्रतिबंधित ट्रामाडोल कैप्सूलों के मामले की विवेचना के दौरान सामने आई अहम जानकारियों के आधार पर की गई। उस समय एसटीएफ/एएनटीएफ और मंगलौर पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी मात्रा में ट्रामाडोल कैप्सूल बरामद किए थे, जिसके बाद एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।
मामले की जांच पुलिस उपाधीक्षक परवेज अली के पर्यवेक्षण में निरीक्षक यादवेन्द्र सिंह बाजवा द्वारा की जा रही थी। विवेचना के दौरान प्राप्त तकनीकी साक्ष्यों और दस्तावेजों से पता चला कि उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर स्थित श्री सिद्धबली फार्मा स्टोर से बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित ट्रामाडोल कैप्सूल उत्तराखण्ड के विभिन्न क्षेत्रों में भेजे जा रहे थे।
जांच में यह भी सामने आया कि इन कैप्सूलों की सप्लाई हरिद्वार और देहरादून में सक्रिय नेटवर्क के माध्यम से की जाती थी। आरोप है कि अभियुक्त विभिन्न दवा कंपनियों से प्रतिबंधित दवाएं मंगवाकर उन्हें मूल कीमत से कई गुना अधिक दाम पर बेचकर भारी मुनाफा कमा रहा था।
एसटीएफ को मिले अभिलेखों के अनुसार जनवरी 2026 से मई 2026 तक मात्र पांच महीनों में एक ही दवा कंपनी से ट्रामाडोल कैप्सूलों की खरीद के लिए लगभग 35 लाख रुपये का भुगतान किया गया। इससे इस अवैध कारोबार के बड़े पैमाने पर संचालित होने का अंदाजा लगाया जा रहा है।
पूछताछ के दौरान अभियुक्त सचिन मनिहाल ने प्रतिबंधित ट्रामाडोल कैप्सूलों की खरीद और उत्तराखण्ड में सप्लाई किए जाने की बात स्वीकार की। इसके बाद उसे विधिक प्रक्रिया के तहत गिरफ्तार कर लिया गया।
एसटीएफ अब अभियुक्त की अवैध रूप से अर्जित संपत्तियों की जांच कर रही है। साथ ही उसके फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक खंगाले जा रहे हैं ताकि पूरे नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जा सके।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एसटीएफ अजय सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के “ड्रग्स फ्री देवभूमि” अभियान के तहत नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। उन्होंने युवाओं और आम जनता से नशे से दूर रहने की अपील करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की नशा तस्करी की सूचना तत्काल पुलिस या एसटीएफ को दें।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान सचिन मनिहाल पुत्र सुरेश, निवासी जनकपुरी, मुजफ्फरनगर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है, जो श्री सिद्धबली फार्मा स्टोर का संचालक है।
एसटीएफ ने नशा तस्करी से संबंधित सूचनाएं साझा करने के लिए हेल्पलाइन नंबर 0135-2656202 एवं 9412029536 भी जारी किए हैं।