पिथौरागढ़ में पीआईबी की ‘वार्तालाप’ कार्यशाला, 12 वर्षों की जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास यात्रा पर हुआ व्यापक संवाद

पिथौरागढ़। भारत सरकार के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के अंतर्गत कार्यरत पत्र सूचना कार्यालय (पीआईबी), देहरादून द्वारा शनिवार को पिथौरागढ़ में एक दिवसीय क्षेत्रीय मीडिया कार्यशाला “वार्तालाप” का आयोजन किया गया। कार्यशाला का मुख्य विषय “लोक सेवा ही संकल्प- 12 साल विश्वास के, विकास के, जन कल्याण के” रहा, जिसके माध्यम से केंद्र सरकार की पिछले 12 वर्षों की उपलब्धियों, जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों को मीडिया के माध्यम से आमजन तक पहुंचाने पर चर्चा की गई।

कार्यक्रम का शुभारंभ विषय आधारित पुस्तिका के विमोचन के साथ हुआ। कार्यक्रम में नगर निगम पिथौरागढ़ की महापौर श्रीमती कल्पना देवलाल मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहीं, जबकि राज्य स्तरीय लघु सिंचाई सलाहकार समिति के उपाध्यक्ष गणेश भंडारी, जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई तथा मुख्य विकास अधिकारी डॉ. दीपक सैनी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

पीआईबी देहरादून के सहायक निदेशक संजीव सुंद्रियाल ने सभी अतिथियों, अधिकारियों एवं मीडिया प्रतिनिधियों का स्वागत करते हुए कहा कि इस कार्यशाला का उद्देश्य केंद्र सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को तथ्यात्मक एवं प्रभावी ढंग से जनता तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि बीते 12 वर्षों में महिला सशक्तिकरण, स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, ग्रामीण विकास और युवा कल्याण जैसे क्षेत्रों में अनेक महत्वपूर्ण परिवर्तन हुए हैं, जिनकी जानकारी समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में मीडिया की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।

सीमांत जिले के विकास पर विशेष चर्चा

कार्यशाला में वक्ताओं ने पिथौरागढ़ जनपद में संचालित विकास योजनाओं, आधारभूत संरचना के विस्तार तथा सीमांत क्षेत्रों में किए जा रहे कार्यों की जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि आदि कैलाश, ओम पर्वत और कैलाश मानसरोवर यात्रा के कारण क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन को नई पहचान मिली है, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिल रही है।

साथ ही सीमांत क्षेत्रों में सड़क नेटवर्क को मजबूत करने, सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण मार्गों के निर्माण तथा हवाई संपर्क बढ़ाने के प्रयासों पर भी प्रकाश डाला गया। वक्ताओं ने कहा कि बेहतर कनेक्टिविटी से पर्यटन, व्यापार और रोजगार के अवसरों में वृद्धि हुई है।

महिला सशक्तिकरण और स्वास्थ्य योजनाओं पर जोर

कार्यशाला में बताया गया कि लखपति दीदी योजना के माध्यम से स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं की आय बढ़ाने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रभावी प्रयास किए जा रहे हैं। वहीं स्वास्थ्य क्षेत्र में पिथौरागढ़ मेडिकल कॉलेज और बेस अस्पताल में सुविधाओं के विस्तार से लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल रही हैं।

मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एस.एस. नबियाल ने आयुष्मान भारत योजना, प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना और राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की उपलब्धियों की जानकारी दी। जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ. निर्मल सिंह बसेड़ा ने महिला एवं बाल विकास विभाग की योजनाओं, जबकि जिला शिक्षा अधिकारी हिमांशु नौगाई ने नई शिक्षा नीति और समग्र शिक्षा अभियान पर प्रकाश डाला।

किसानों और युवाओं के लिए योजनाओं की जानकारी

कृषि एवं भूमि संरक्षण अधिकारी राजेश खेतवाल ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, मृदा स्वास्थ्य कार्ड और प्राकृतिक खेती से संबंधित योजनाओं की जानकारी दी। वहीं ज्येष्ठ उद्यान निरीक्षक कपिल भट्ट ने सेब, कीवी सहित उच्च मूल्य फसलों के उत्पादन को बढ़ावा देने वाली योजनाओं का उल्लेख किया।

माई भारत के निदेशक डॉ. शैलेश भट्ट ने युवाओं के कौशल विकास, स्वयंसेवी गतिविधियों और राष्ट्र निर्माण में उनकी भागीदारी को लेकर संचालित कार्यक्रमों की जानकारी साझा की।

मीडिया और प्रशासन के बीच हुआ खुला संवाद

कार्यक्रम के दौरान पीआईबी के सहायक निदेशक संजीव सुंद्रियाल ने मीडिया प्रतिनिधियों के साथ संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं, चुनौतियों और सुझावों को सुना। पत्रकारों ने सीमांत क्षेत्रों में समाचार संकलन के दौरान आने वाली व्यावहारिक कठिनाइयों और सूचना संप्रेषण से जुड़ी समस्याओं को उनके समक्ष रखा।

श्री सुंद्रियाल ने पत्रकारों को आश्वस्त किया कि उनकी समस्याओं और सुझावों को संबंधित स्तर तक पहुंचाया जाएगा तथा समाधान के लिए प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि मीडिया लोकतंत्र का मजबूत स्तंभ है और सरकार तथा जनता के बीच प्रभावी संवाद स्थापित करने में उसकी भूमिका महत्वपूर्ण है।

कार्यशाला में प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया से जुड़े पत्रकारों, विभिन्न विभागों के अधिकारियों और विषय विशेषज्ञों ने सहभागिता करते हुए विकसित भारत-2047, डिजिटल इंडिया, आत्मनिर्भर भारत, स्वास्थ्य सुरक्षा और सामाजिक कल्याण से जुड़े विषयों पर विस्तृत चर्चा की। कार्यक्रम का समापन सरकार और मीडिया के बीच संवाद को और अधिक मजबूत बनाने के संकल्प के साथ हुआ।

Leave A Reply

Your email address will not be published.

https://www.breaknwaves.com/jet_skis_boat_rentals.html