जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा जिले में सुरक्षाबलों ने एक बड़ी आतंक विरोधी कार्रवाई को अंजाम दिया है। केरन सेक्टर में आतंकियों की घुसपैठ की कोशिश को नाकाम करते हुए सेना और जम्मू-कश्मीर पुलिस के संयुक्त अभियान में दो आतंकवादी मारे गए। मुठभेड़ के बाद इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी है।
सूत्रों के अनुसार, गुरुवार देर रात सुरक्षा एजेंसियों को कुपवाड़ा के सीमावर्ती इलाके में आतंकियों की गतिविधियों की जानकारी मिली थी। खुफिया इनपुट के आधार पर भारतीय सेना की चिनार कोर और जम्मू-कश्मीर पुलिस की संयुक्त टीम ने केरन सेक्टर के छत्रू इलाके में तलाशी अभियान शुरू किया। इसी दौरान घने जंगल क्षेत्र में छिपे आतंकियों ने सुरक्षाबलों पर अंधाधुंध गोलीबारी शुरू कर दी।
सुरक्षा बलों ने तत्काल मोर्चा संभालते हुए जवाबी फायरिंग की, जिसमें दो आतंकवादी मारे गए। सेना के अधिकारियों ने बताया कि मारे गए आतंकियों के पास से हथियार और गोला-बारूद बरामद किया गया है। हालांकि अभी उनकी पहचान नहीं हो सकी है।
भारतीय सेना की चिनार कोर ने अपने एक्स (पूर्व ट्विटर) अकाउंट पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि “7 नवंबर की रात घुसपैठ की कोशिश की जानकारी मिली थी, जिसके बाद संयुक्त अभियान शुरू किया गया। सतर्क सैनिकों ने संदिग्ध गतिविधि देखी और आतंकियों को ललकारा, जिसके बाद गोलीबारी शुरू हो गई। जवाबी कार्रवाई में दो आतंकी ढेर किए गए।”
अधिकारियों के मुताबिक, ऑपरेशन अभी भी जारी है ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि इलाके में कोई अन्य आतंकी छिपा न हो। आसपास के इलाकों में अतिरिक्त जवानों को तैनात किया गया है और गांवों में तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।
यह मुठभेड़ ऐसे समय पर हुई है जब घाटी में पिछले कुछ सप्ताहों में आतंकियों की घुसपैठ की कोशिशें बढ़ी हैं। सुरक्षा एजेंसियों का कहना है कि सीमावर्ती इलाकों में लगातार सर्च ऑपरेशन चलाकर आतंकियों की किसी भी साजिश को नाकाम किया जाएगा।