देहरादून में पत्रकार हेम भट्ट से मारपीट का खुलासा, दो युवक हिरासत में; पटेल नगर में ट्रक की टक्कर से महिला की मौत

देहरादून। राजधानी देहरादून में वरिष्ठ पत्रकार हेम भट्ट से हुई मारपीट के मामले में पुलिस ने खुलासा करते हुए दो युवकों को हिरासत में लिया है। पुलिस पूछताछ के बाद दोनों आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई कर उन्हें थाने से ही जमानत पर छोड़ दिया गया, जबकि घटना में शामिल एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।

कोतवाली डालनवाला पुलिस के अनुसार, पत्रकार हेम भट्ट के साथ गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के मामले में मोहम्मद कैफ और मोहम्मद ताबिश को हिरासत में लिया गया था। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि 6 फरवरी की शाम वे समीर नामक व्यक्ति के साथ इनामुल्ला बिल्डिंग के पास से रेसकोर्स की ओर जा रहे थे और स्कूटी पर लिफ्ट ली थी।

उनका कहना है कि रास्ते में हॉर्न देने के बावजूद आगे चल रहे वाहन चालक, जो बाद में हेम भट्ट निकले, ने साइड नहीं दी। इसी बात को लेकर उन्होंने रेसकोर्स रोड पर अपना वाहन आगे लगाकर उन्हें रुकने को मजबूर किया, जिसके बाद दोनों पक्षों में विवाद बढ़ गया और मारपीट हो गई।

पुलिस ने बताया कि घटना में नामजद समीर की तलाश की जा रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

इसी बीच शहर में एक अन्य सड़क हादसे में एक महिला की जान चली गई। कोतवाली पटेल नगर क्षेत्र के अंतर्गत शिमला बाईपास चौक पर सड़क पार कर रही महिला को एक ट्रक ने टक्कर मार दी।

हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला को 108 एंबुलेंस से दून अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस जांच में मृतका की पहचान 55 वर्षीय मुर्शिदुल निशा के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वह सड़क पार कर रही थीं, तभी ट्रक की चपेट में आ गईं। पटेल नगर कोतवाली प्रभारी चंद्रभान अधिकारी ने बताया कि फरार ट्रक चालक की तलाश की जा रही है। परिजनों की ओर से अभी तक तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। शिकायत मिलने पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.

https://www.breaknwaves.com/jet_skis_boat_rentals.html