देहरादून। राजधानी में चोरी के मामलों का नया चेहरा सामने आया है। अब चोरियों में लड़कियों की संलिप्तता देखी जा रही है। इन लड़कियों की चालबाज़ी ऐसी है कि लोग उन्हें सामान्य राहगीर समझकर अनदेखा कर देते हैं, लेकिन मौका मिलते ही वे घरों में घुसकर कीमती सामान और नकदी लेकर रफूचक्कर हो जाती हैं। हाल के दिनों में ऐसी कई घटनाएं सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई हैं।
ताज़ा मामला निरंजनपुर क्षेत्र के शक्ति विहार का है। सीसीटीवी फुटेज में देखा गया कि एक कॉलोनी में बंद पड़े घर के बाहर तीन लड़कियां काफी देर तक मंडराती रहीं। इसके बाद उनमें से दो लड़कियां गेट फांदकर भीतर जाने लगीं, जबकि तीसरी बाहर निगरानी के लिए बैठ गई। यह पूरी गतिविधि फिल्मी अंदाज की तरह दिखी।
हालांकि इस बार उनकी योजना सफल नहीं हो पाई। क्षेत्रीय पार्षद पुंडीर और स्थानीय लोगों की सतर्कता से लड़कियां चोरी करने से पहले ही पकड़ ली गईं। इनमें से एक लड़की को रविवार को काबू कर पुलिस के हवाले कर दिया गया।
इसी तरह रविवार सुबह डिस्पेंसरी रोड पर भी एक घटना हुई। यूनिवर्सल स्टोर के संचालक प्रवीण मित्तल के घर में एक लड़की घुस गई और चांदी के कुछ सामान व अंडरगारमेंट्स चुरा ले गई। यह पूरी वारदात भी सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई।
स्थानीय लोगों का कहना है कि ऐसे गिरोह अब राजधानी में संगठित रूप से सक्रिय दिखाई दे रहे हैं। ये लड़कियां पहले घरों की रेकी करती हैं और मौका पाकर चोरी की वारदात को अंजाम देती हैं। पुलिस फिलहाल पकड़ी गई लड़की से पूछताछ कर रही है और उसके साथियों की तलाश में जुटी है।