सीएम धामी ने किया ‘हैलो हल्द्वानी 91.2 एफएम’ मोबाइल एप का शुभारंभ, शिक्षा और संस्कृति को मिलेगा नया आयाम

देहरादून।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय से हैलो हल्द्वानी 91.2 एफएम सामुदायिक रेडियो मोबाइल एप का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह पहल उत्तराखंड के शिक्षा और संस्कृति क्षेत्र में एक नई दिशा प्रदान करेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय ने शिक्षा को दूर-दराज के क्षेत्रों तक पहुँचाने और आधुनिक तकनीक के माध्यम से नवाचार को बढ़ावा देने में उल्लेखनीय कार्य किया है। उन्होंने विश्वास जताया कि अब हैलो हल्द्वानी सामुदायिक रेडियो मोबाइल एप प्रदेश और देश के हर कोने तक पहुँचकर समाज, शिक्षा और संस्कृति की आवाज को और अधिक सशक्त बनाएगा।

शिक्षा को आत्मनिर्भरता से जोड़ा

सीएम धामी ने कहा कि शिक्षा केवल डिग्री हासिल करने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह जीवन को दिशा देने और आत्मनिर्भर बनाने का माध्यम है। इसी सोच के तहत प्रदेश सरकार ने सभी 13 जनपदों में उच्च शिक्षा एवं कौशल विकास केंद्र स्थापित करने का निर्णय लिया है। इन केंद्रों के माध्यम से प्रदेश के युवा उच्च शिक्षा प्राप्त करने के साथ ही रोजगारपरक कौशल भी सीखेंगे।

उन्होंने कहा कि जब विश्वविद्यालय और कौशल विकास केंद्र एक साथ काम करेंगे तो उत्तराखंड के युवा केवल नौकरी खोजने वाले नहीं बल्कि नौकरी देने वाले बनेंगे। यह प्रयास प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को साकार करने में राज्य की महत्वपूर्ण भूमिका तय करेगा।

देहरादून में बनेगा प्रमुख केंद्र

मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार ने देहरादून में उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय का एक प्रमुख केंद्र स्थापित करने का निर्णय लिया है। यह केंद्र शिक्षा और प्रशिक्षण का हब होगा, साथ ही शोध, नवाचार और डिजिटल शिक्षा को भी बढ़ावा देगा।

विश्वविद्यालय का योगदान

कार्यक्रम में उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. नवीन चंद्र लोहनी ने विश्वविद्यालय की विभिन्न गतिविधियों की जानकारी दी। इस दौरान उन्होंने आपदा राहत कार्यों के लिए विश्वविद्यालय की ओर से मुख्यमंत्री राहत कोष हेतु 1 लाख 49 हजार रुपये का चेक मुख्यमंत्री को भेंट किया।

विशिष्ट अतिथि उपस्थित

इस मौके पर उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, यूकॉस्ट के महानिदेशक प्रो. दुर्गेश पंत, विश्वविद्यालय के कुलसचिव खेमराज भट्ट समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.

https://www.breaknwaves.com/jet_skis_boat_rentals.html