मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने गांधी-शास्त्री जयंती पर दी श्रद्धांजलि, दिलाई ‘स्वच्छता ही सेवा’ शपथ

देहरादून। सचिवालय परिसर में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की गई। मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने उनके चित्रों पर माल्यार्पण कर उनके आदर्शों और योगदान को नमन किया। इस अवसर पर सचिवालय के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी श्रद्धासुमन अर्पित किए।

गांधी-शास्त्री का स्मरण

मुख्य सचिव ने कहा कि महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री का जीवन राष्ट्र के लिए प्रेरणा का स्रोत है। गांधी जी ने सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलकर पूरी दुनिया को दिशा दी, वहीं शास्त्री जी ने “जय जवान, जय किसान” का नारा देकर देश को आत्मनिर्भरता और स्वाभिमान का संदेश दिया।

‘स्वच्छता ही सेवा’ शपथ

इस अवसर पर मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों को ‘स्वच्छता ही सेवा’ शपथ दिलाई। उन्होंने सभी से अपील की कि वे स्वच्छता को केवल अभियान नहीं, बल्कि जीवनशैली का हिस्सा बनाएं।

भजन से गूंजा सचिवालय

कार्यक्रम के दौरान भारतखंडे संगीत महाविद्यालय के कलाकारों ने गांधी जी का प्रिय भजन “वैष्णव जन तो तेने कहिए” प्रस्तुत किया। भजन की गूंज से सचिवालय परिसर में एक दिव्य और प्रेरणादायी वातावरण बन गया।

वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति

श्रद्धांजलि कार्यक्रम में प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु, सचिव शैलेश बगौली, नितेश कुमार झा, डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरूषोत्तम, डॉ. पंकज कुमार पाण्डेय, डॉ. रंजीत कुमार सिन्हा, डॉ. आर. राजेश कुमार, दीपेन्द्र कुमार चौधरी, विनोद कुमार सुमन सहित कई वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने गांधी जी और शास्त्री जी को भावभीनी श्रद्धांजलि दी और उनके आदर्शों को जीवन में आत्मसात करने का संकल्प लिया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.

https://www.breaknwaves.com/jet_skis_boat_rentals.html