कर्णप्रयाग: चमोली जिले के कर्णप्रयाग में मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक व्यक्ति अलकनंदा नदी के तेज बहाव में बह गया। सूचना मिलने के बाद एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, डीडीआरएफ और स्थानीय पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं और नदी में सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया। लापता व्यक्ति के परिजनों ने उसके मानसिक रूप से परेशान होने की बात बताई है।
जानकारी के अनुसार, पोखरी विकासखंड निवासी सतीश कुमार खाली कर्णप्रयाग नगर क्षेत्र में अलकनंदा नदी के बीच स्थित एक दुर्गम चट्टान पर दिखाई दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कुछ देर तक वह चट्टान पर खड़ा रहा। इसके बाद वह अचानक चट्टान से नदी में उतरा और तैरते हुए आगे बढ़ने लगा।
बताया जा रहा है कि सतीश कुछ दूरी तक नदी में तैरता रहा, लेकिन अचानक अलकनंदा के तेज बहाव की चपेट में आ गया और देखते ही देखते पानी में ओझल हो गया। लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद तत्काल रेस्क्यू टीमों को मौके पर भेजा गया।
दुर्गम चट्टान तक पहुंचना भी बना पहेली
घटना के बाद सबसे बड़ा सवाल यह भी है कि सतीश नदी के बीच स्थित उस दुर्गम चट्टान तक पहुंचा कैसे। स्थानीय लोगों के अनुसार, जिस स्थान पर वह दिखाई दिया, वहां सामान्य रास्ते से पहुंचना बेहद मुश्किल है। यहां तक कि रस्सी के सहारे भी वहां पहुंचना आसान नहीं माना जा रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सतीश अच्छा तैराक था। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि वह नदी में तैरकर ही उस चट्टान तक पहुंचा होगा। हालांकि, वह वास्तव में वहां कैसे पहुंचा, इसकी स्थिति अभी स्पष्ट नहीं है।
नदी में लगातार चल रहा सर्च ऑपरेशन
कोतवाल विनोद थपलियाल के अनुसार, व्यक्ति के नदी में बहने की सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंच गया था। लापता सतीश कुमार खाली की तलाश में एनडीआरएफ, डीडीआरएफ और स्थानीय पुलिस की टीमें लगाई गई हैं। नदी के संभावित स्थानों पर लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, सतीश अचानक घर से निकल गया था। परिजनों ने बताया कि वह मानसिक रूप से परेशान था। फिलहाल बचाव दल नदी के अलग-अलग हिस्सों में उसकी तलाश कर रहा है।