देहरादून में छह साल की मासूम से दुष्कर्म, 15 वर्षीय किशोर पर आरोप; मोबाइल पर अश्लील वीडियो दिखाकर की वारदात

पटेलनगर क्षेत्र की लेबर कॉलोनी में सामने आई घटना, बच्ची अस्पताल में भर्ती; पुलिस ने आरोपी विधि विवादित किशोर को संरक्षण में भेजा

देहरादून। राजधानी देहरादून में छह साल की मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। घटना पटेलनगर कोतवाली क्षेत्र की लेबर कॉलोनी की बताई जा रही है। आरोप है कि 15 वर्षीय एक किशोर ने पहले बच्ची को मोबाइल पर अश्लील वीडियो दिखाया और इसके बाद उसके साथ दुष्कर्म किया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बच्ची को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी किशोर को हिरासत में लेकर संरक्षण गृह भेज दिया है।

पुलिस के मुताबिक, घटना सोमवार देर शाम की है। पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना मिली थी कि लेबर कॉलोनी में एक किशोर ने छह साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म किया है। सूचना मिलते ही पटेलनगर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी जुटाई। इसके बाद बच्ची को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है।

बताया जा रहा है कि पीड़ित बच्ची और आरोपी किशोर के परिवार मूल रूप से बिहार के रहने वाले हैं और देहरादून में मजदूरी करते हैं। दोनों परिवार आसपास ही रहते हैं। आरोप है कि सोमवार शाम किशोर बच्ची को खेल-खेल में अपने साथ ले गया। वहां उसने बच्ची को मोबाइल पर अश्लील वीडियो दिखाया और फिर उसके साथ गलत काम किया।

इसी दौरान बच्ची के रोने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। लोगों ने किशोर को पकड़ लिया और पुलिस को घटना की सूचना दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी किशोर को हिरासत में ले लिया।

पटेलनगर कोतवाली प्रभारी नरेश राठौर ने बताया कि बच्ची का मेडिकल परीक्षण कराया गया है। परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले में आरोपी विधि विवादित किशोर को संरक्षण में भेजा गया है। पुलिस की ओर से प्रकरण में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

घटना ने एक बार फिर बच्चों की सुरक्षा और उनके आसपास के वातावरण को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *