9.99 लाख से अधिक लाभार्थियों के खातों में पहुंची 148.18 करोड़ की पेंशन राशि

मुख्यमंत्री धामी ने डीबीटी के माध्यम से अक्टूबर माह की पेंशन की हस्तांतरित, दीपावली से पहले लाभार्थियों को मिला आर्थिक संबल

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को मुख्यमंत्री कैम्प कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान समाज कल्याण विभाग की विभिन्न सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के अंतर्गत अक्टूबर 2026 की पेंशन धनराशि लाभार्थियों के बैंक खातों में हस्तांतरित की। मुख्यमंत्री ने प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से प्रदेश के कुल 9 लाख 99 हजार 484 लाभार्थियों के खातों में 148 करोड़ 18 लाख 84 हजार 500 रुपये की धनराशि भेजी। दीपावली से पहले पेंशन की धनराशि जारी होने से प्रदेश के लाखों वृद्धजनों, विधवा महिलाओं, दिव्यांगजनों और अन्य पात्र लाभार्थियों को आर्थिक राहत मिली है।

 

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। सरकार समाज के कमजोर, वंचित और जरूरतमंद वर्गों के सामाजिक एवं आर्थिक सशक्तीकरण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। वृद्धावस्था पेंशन, विधवा पेंशन, दिव्यांग पेंशन सहित विभिन्न सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के माध्यम से पात्र लोगों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। सरकार का प्रयास है कि कोई भी पात्र व्यक्ति इन योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे और उसे समय पर आर्थिक सहायता प्राप्त हो।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल मार्गदर्शन में केंद्र एवं राज्य सरकार जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही हैं। डीबीटी व्यवस्था के माध्यम से पेंशन की धनराशि सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में पहुंचाई जा रही है। इससे योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता सुनिश्चित हुई है और बिचौलियों की भूमिका समाप्त होने के साथ ही भुगतान प्रक्रिया भी अधिक सरल एवं प्रभावी बनी है।

 

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार वृद्धजनों के सम्मान, विधवा महिलाओं की आर्थिक सुरक्षा और दिव्यांगजनों के सशक्तीकरण को विशेष प्राथमिकता दे रही है। सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाएं केवल आर्थिक सहायता का माध्यम नहीं हैं, बल्कि जरूरतमंद लोगों को सम्मानपूर्वक जीवन जीने का आधार भी प्रदान करती हैं। सरकार का उद्देश्य प्रत्येक पात्र व्यक्ति को आर्थिक संबल देने के साथ सामाजिक सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करना है।

 

मुख्यमंत्री ने पेंशन योजनाओं से जुड़े एक महत्वपूर्ण विषय का उल्लेख करते हुए कहा कि वृद्धावस्था और दिव्यांगता के कारण कई बार लाभार्थियों को पेंशन संबंधी दस्तावेज तैयार कराने तथा आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। विशेष रूप से आधार उपलब्ध न होने के कारण कुछ पात्र लोग योजनाओं के लाभ से वंचित रह जाते थे। इस समस्या के समाधान के लिए केंद्र सरकार के साथ समन्वय स्थापित कर विशेष प्रावधानों के तहत लगभग सात हजार लाभार्थियों को आधार के अभाव में भी पेंशन का लाभ उपलब्ध कराया जा रहा है। यह पहल जरूरतमंद लोगों तक सामाजिक सुरक्षा का दायरा बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार यह सुनिश्चित करने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है कि सामाजिक सुरक्षा पेंशन की धनराशि प्रत्येक माह निर्धारित समय पर लाभार्थियों के खातों में पहुंचे। दीपावली के पावन पर्व से पहले पेंशन भुगतान को प्राथमिकता देते हुए विशेष प्रयास किए गए हैं, ताकि जरूरतमंद परिवार त्योहार की खुशियां बेहतर ढंग से मना सकें। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि पेंशन योजनाओं के संचालन में पारदर्शिता और समयबद्धता बनाए रखी जाए तथा किसी भी पात्र लाभार्थी को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की योजनाओं की वास्तविक सफलता तभी है, जब उनका लाभ अंतिम पंक्ति में खड़े जरूरतमंद व्यक्ति तक पहुंचे। उन्होंने प्रदेश के सभी पेंशन लाभार्थियों को धनतेरस, दीपावली, गोवर्धन पूजा और भैयादूज की शुभकामनाएं देते हुए उनके उत्तम स्वास्थ्य, सुख-समृद्धि और खुशहाल जीवन की कामना की।

 

वृद्धावस्था पेंशन के सर्वाधिक 6.24 लाख लाभार्थी

 

कार्यक्रम में समाज कल्याण विभाग की ओर से अक्टूबर 2026 के पेंशन भुगतान का विवरण भी प्रस्तुत किया गया। इसके अनुसार वृद्धावस्था पेंशन योजना के अंतर्गत सर्वाधिक 6 लाख 24 हजार 616 लाभार्थियों को 93.69 करोड़ रुपये की धनराशि हस्तांतरित की गई। वहीं विधवा पेंशन योजना के तहत 2 लाख 39 हजार 527 लाभार्थियों को 35.93 करोड़ रुपये तथा दिव्यांग पेंशन योजना के अंतर्गत 89 हजार 971 लाभार्थियों को 13.50 करोड़ रुपये की धनराशि उपलब्ध कराई गई।

 

इसके अतिरिक्त किसान पेंशन योजना के 27 हजार 92, परित्यक्ता पेंशन योजना के 8 हजार 442, भरण-पोषण अनुदान योजना के 7 हजार 461, तीलू रौतेली पेंशन योजना के 2 हजार 248 तथा बौना पेंशन योजना के 127 लाभार्थियों को भी पेंशन का भुगतान किया गया। इस प्रकार विभिन्न पेंशन योजनाओं के अंतर्गत कुल 9 लाख 99 हजार 484 लाभार्थियों को 148 करोड़ 18 लाख 84 हजार 500 रुपये की धनराशि सीधे उनके बैंक खातों में हस्तांतरित की गई।

 

कार्यक्रम में समाज कल्याण मंत्री खजान दास, अपर सचिव विक्रम यादव, निदेशक जनजाति कल्याण संजय टोलिया, समाज कल्याण विभाग के संयुक्त सचिव धीरेन्द्र सिंह, संयुक्त निदेशक गीताराम नौटियाल तथा सहायक निदेशक हेमलता पाण्डेय सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *