हरिद्वार में UGC कानून के विरोध में प्रदर्शन, छह घंटे तक जाम; मांगों पर अड़े प्रदर्शनकारी

बारिश के बीच बहादराबाद टोल प्लाजा पर जुटे प्रदर्शनकारी, पुलिस-प्रशासन ने समझाने का किया प्रयास; ज्ञापन लेकर एडीएम ने केंद्र तक मांगें पहुंचाने का दिया आश्वासन

हरिद्वार: उत्तराखंड के हरिद्वार में UGC से जुड़े प्रावधानों, आरक्षण व्यवस्था और एससी-एसटी कानून में बदलाव की मांग को लेकर विभिन्न संगठनों का विरोध प्रदर्शन सोमवार को जोर पकड़ गया। बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी बहादराबाद टोल प्लाजा पर एकत्र हुए और अपनी मांगों के समर्थन में प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों की भीड़ के कारण टोल प्लाजा पर करीब छह घंटे तक यातायात प्रभावित रहा। टोल के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे यात्रियों और वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

बारिश के बावजूद प्रदर्शनकारी मौके पर डटे रहे और अपनी मांगों को लेकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान कुछ समय के लिए टोल को फ्री भी कराया गया। स्थिति को देखते हुए पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर यातायात व्यवस्था सुचारू कराने का प्रयास किया।

पुलिस और प्रशासन ने की समझाने की कोशिश

प्रदर्शन का नेतृत्व शांभवी पीठाधीश्वर और काली सेना प्रमुख स्वामी आनंद स्वरूप महाराज ने किया। प्रदर्शनकारियों की संख्या बढ़ने के बाद पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर उन्हें समझाने और सड़क से हटने की अपील की, लेकिन प्रदर्शनकारी अपनी मांगों पर अड़े रहे।

बाद में प्रशासन की ओर से एडीएम मौके पर पहुंचे। जिलाधिकारी की अनुपस्थिति में एडीएम ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत की और उनका ज्ञापन लिया। प्रशासन की ओर से प्रदर्शनकारियों को उनकी मांगें केंद्र सरकार तक पहुंचाने का आश्वासन दिया गया। इसके बाद प्रदर्शन समाप्त किया गया और यातायात व्यवस्था धीरे-धीरे सामान्य हो सकी।

मांगें पूरी नहीं हुईं तो आंदोलन जारी रखने की चेतावनी

प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए स्वामी आनंद स्वरूप महाराज ने कहा कि जब तक UGC से जुड़े विवादित प्रावधानों को वापस नहीं लिया जाता, एससी-एसटी कानून में बदलाव और आरक्षण व्यवस्था में सुधार नहीं किया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।

उन्होंने कहा कि आंदोलन को आगे भी शांतिपूर्ण तरीके से जारी रखा जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा और कांग्रेस को समर्थन नहीं देने का फैसला लिया जा सकता है। उनके मुताबिक लोग अपने हितों को ध्यान में रखते हुए तीसरे विकल्प के रूप में उपयुक्त उम्मीदवार का समर्थन करेंगे।

स्वामी आनंद स्वरूप ने आरोप लगाया कि सरकार की नीतियों के कारण समाज में अलग-अलग वर्गों के बीच विभाजन की स्थिति बन रही है। उन्होंने कहा कि उनकी लड़ाई किसी व्यक्ति या समुदाय विशेष के खिलाफ नहीं है, बल्कि उन नीतियों के खिलाफ है जिन्हें आंदोलनकारी भेदभावपूर्ण मानते हैं। उन्होंने मांगें पूरी होने तक सड़क से संसद तक संघर्ष जारी रखने की बात कही।

आरक्षण व्यवस्था में सुधार की भी मांग

बहादराबाद में आयोजित महासभा के दौरान आरक्षण व्यवस्था को लेकर भी वक्ताओं ने अपनी बात रखी। हरिद्वार क्षत्रिय चौहान महासभा के अध्यक्ष राजेंद्र सिंह चौहान ने कहा कि उनकी लड़ाई किसी वर्ग विशेष के खिलाफ नहीं है। उनका कहना है कि मांग समानता, निष्पक्षता और सभी लोगों को समान अवसर उपलब्ध कराने वाली व्यवस्था की है।

वरिष्ठ अधिवक्ता उत्तम सिंह चौहान ने आरक्षण व्यवस्था से जुड़ी विसंगतियों का तार्किक और न्यायसंगत समाधान किए जाने की मांग उठाई। वहीं अमरदीप सिंह रॉबिन ने कहा कि आंदोलन किसी सरकार या व्यक्ति विशेष के खिलाफ नहीं है, बल्कि उन नीतियों के विरोध में है जिन्हें समाज अपने प्रति भेदभावपूर्ण मानता है।

उन्होंने आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद परिवारों के लिए आर्थिक आधार पर आरक्षण की व्यवस्था किए जाने की भी पैरवी की।

गांव-गांव तक आंदोलन पहुंचाने की तैयारी

महासभा में आंदोलन को व्यापक स्तर पर ले जाने की रणनीति पर भी चर्चा हुई। वक्ताओं ने गांवों और शहरों के मोहल्लों तक जनसंपर्क अभियान चलाने तथा स्थानीय स्तर पर संगठन की इकाइयां गठित करने पर जोर दिया।

प्रदर्शन के दौरान हरिद्वार के एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह समेत कई पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर मौजूद रहे। अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर स्थिति को नियंत्रित रखने और यातायात व्यवस्था बहाल करने का प्रयास किया।

फिलहाल प्रशासन की ओर से प्रदर्शनकारियों का ज्ञापन स्वीकार कर उनकी मांगों को केंद्र सरकार तक पहुंचाने का आश्वासन दिया गया है। हालांकि प्रदर्शनकारियों ने स्पष्ट किया है कि यदि उनकी मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को आगे और व्यापक किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *