विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारी में कांग्रेस ने झोंकी ताकत, उत्तराखंड दौरे पर आ रही हैं प्रभारी कुमारी सैलजा

देहरादून। उत्तराखंड में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनावों को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। प्रदेश में मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस ने चुनावी तैयारियों को गति देते हुए संगठन को मजबूत बनाने की दिशा में कदम बढ़ा दिए हैं। इसी क्रम में कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी एवं सांसद कुमारी सैलजा 17 और 18 जून को दो दिवसीय उत्तराखंड दौरे पर पहुंच रही हैं। उनके दौरे को आगामी विधानसभा चुनावों की रणनीति और संगठनात्मक मजबूती के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

कांग्रेस प्रदेश नेतृत्व ने उनके दौरे की तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी के विभिन्न प्रकोष्ठों, जिला अध्यक्षों, महानगर अध्यक्षों और वरिष्ठ नेताओं के साथ अलग-अलग बैठकों का कार्यक्रम तय किया गया है। इन बैठकों में संगठन की वर्तमान स्थिति, बूथ स्तर की तैयारियों, कार्यकर्ताओं की सक्रियता और आगामी चुनावी रणनीति पर विस्तार से चर्चा की जाएगी।

प्रदेश कांग्रेस के मीडिया प्रभारी राजीव महर्षि के अनुसार कुमारी सैलजा 17 जून की सुबह दिल्ली से देहरादून के लिए रवाना होंगी और लगभग 9:50 बजे जॉलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंचेंगी। इसके बाद वह सीधे पार्टी कार्यक्रमों में शामिल होंगी।

दौरे के पहले दिन सुबह 11 बजे जिला कांग्रेस कमेटी और महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्षों के साथ बैठक आयोजित की जाएगी। इस दौरान संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा की जाएगी और जमीनी स्तर पर पार्टी को मजबूत बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाएंगे।

इसके बाद दोपहर करीब 2 बजे कांग्रेस के विभिन्न अनुषांगिक संगठनों, विभागों और प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों के साथ बैठक होगी। बैठक में युवाओं, महिलाओं, किसान संगठनों और अन्य मोर्चों की भूमिका पर चर्चा की जाएगी। साथ ही आगामी चुनावों में इन संगठनों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए रणनीति तैयार की जाएगी।

शाम करीब 4 बजे कुमारी सैलजा पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ वन-टू-वन संवाद करेंगी। इस दौरान प्रदेश की राजनीतिक परिस्थितियों, संगठन की चुनौतियों और चुनावी संभावनाओं पर विचार-विमर्श किया जाएगा। वरिष्ठ नेताओं से प्राप्त सुझावों के आधार पर आगे की कार्ययोजना भी तैयार की जा सकती है।

कांग्रेस सूत्रों के अनुसार आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए पार्टी बूथ स्तर तक अपनी पकड़ मजबूत करना चाहती है। संगठन विस्तार, कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने और जनता के मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।

कुमारी सैलजा 17 जून की रात देहरादून में ही प्रवास करेंगी। इसके बाद 18 जून को भी वह पार्टी नेताओं और पदाधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठकों में भाग लेंगी। दौरे के समापन पर वह दोपहर बाद जॉलीग्रांट एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए रवाना होंगी।

गौरतलब है कि हाल ही में कांग्रेस नेता राहुल गांधी भी उत्तराखंड दौरे पर आए थे। हालांकि खराब मौसम के कारण उनका अल्मोड़ा दौरा प्रभावित हुआ था और उन्हें अपना कार्यक्रम बदलना पड़ा था। ऐसे में कांग्रेस नेतृत्व लगातार उत्तराखंड में अपनी सक्रियता बढ़ाते हुए आगामी चुनावों की तैयारी में जुटा हुआ है।

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि कुमारी सैलजा का यह दौरा केवल संगठनात्मक समीक्षा तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि आगामी विधानसभा चुनावों के लिए कांग्रेस की रणनीतिक रूपरेखा तय करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.

https://www.breaknwaves.com/jet_skis_boat_rentals.html