जीएसटी बचत उत्सव: मुख्यमंत्री धामी बोले – नई दरों से सस्ता होगा जीवन, बढ़ेगा कारोबार
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को पटेलनगर, देहरादून में आयोजित ‘जीएसटी बचत उत्सव’ जागरूकता कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने व्यापारियों और आम जनता से मुलाकात कर जीएसटी की घटी दरों के लाभ के बारे में फीडबैक लिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश में आर्थिक सुधारों का नया दौर शुरू हुआ है। जीएसटी की नई दरें न केवल आम उपभोक्ताओं को राहत देंगी, बल्कि यह पहल समाज के सभी वर्गों के जीवन को खुशहाल बनाने की दिशा में ऐतिहासिक कदम है।
सस्ती होंगी उपभोक्ता वस्तुएं, जनता को सीधा लाभ
सीएम धामी ने कहा कि जीएसटी दरों में कमी से उपभोक्ता वस्तुएं सस्ती हो गई हैं। इसका सीधा असर आम जनता की जेब पर पड़ेगा और लोगों का जीवन आसान होगा। उन्होंने व्यापारियों से आग्रह किया कि वे अपने ग्राहकों को जीएसटी दरों में हुई कमी और उसके लाभ की पूरी जानकारी दें, ताकि हर उपभोक्ता को इसका फायदा मिल सके।
स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने का आह्वान
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने जनता और व्यापारियों से अपील की कि वे स्वदेशी और स्थानीय उत्पादों को प्राथमिकता दें। इससे न केवल स्थानीय कारोबारियों को लाभ होगा, बल्कि प्रदेश और देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती भी मिलेगी।
बाजारों में उत्साह का माहौल
नवरात्रि के अवसर पर जीएसटी की नई दरों की घोषणा से व्यापारियों और ग्राहकों दोनों में उत्साह देखा गया। लोगों ने कहा कि इस पहल से त्योहारी सीजन खासकर दीपावली के दौरान खरीदारी का उत्साह और भी बढ़ेगा। आम लोगों ने मुख्यमंत्री का धन्यवाद देते हुए इसे एक जनहितैषी कदम बताया।