धार्मिक स्थलों और पर्यटक क्षेत्रों की सुरक्षा के लिए मुख्यमंत्री धामी ने दिए कड़े निर्देश, फेक न्यूज और डेंगू नियंत्रण पर भी जताई सख्ती

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश के सभी जिलाधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि राज्य के धार्मिक एवं पर्यटक स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखी जाए। सोमवार को वर्चुअल बैठक के माध्यम से अधिकारियों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से चारधाम यात्रा को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा प्रबंधों को पुख्ता करने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि सभी जिलाधिकारी अपने-अपने जनपदों में सुरक्षा व्यवस्था की नियमित निगरानी करें और किसी भी प्रकार की चूक न हो।

मुख्यमंत्री ने निर्देशित किया कि यात्रा एवं अन्य महत्वपूर्ण आयोजनों के दौरान फेक न्यूज फैलाने वालों पर तुरंत सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही सही व सत्यापित जानकारी नियमित रूप से विभिन्न माध्यमों के जरिए आमजन तक पहुंचाई जाए।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य में किरायेदारों के सत्यापन को अनिवार्य बनाया जाए। ठेली, फड़ एवं झुग्गी-झोपड़ियों में रहने वाले व्यक्तियों का भी आवश्यक सत्यापन कराया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि राशन कार्ड, आधार कार्ड, बिजली कनेक्शन, आयुष्मान कार्ड और अन्य सरकारी दस्तावेज अपात्र लोगों को जारी करने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारियों को निर्देश दिया गया कि सभी विभागों के अधिकारियों को सत्यापन कार्य में लगाया जाए।

वनाग्नि प्रबंधन का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि गर्मी के मौसम में जंगलों में आग की घटनाओं पर विशेष सतर्कता बरती जाए और दोषी पाए जाने वालों पर कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। इसके साथ ही डेंगू के प्रभावी नियंत्रण के लिए नियमित फॉगिंग कराने, अस्पतालों में बिजली आपूर्ति बाधित न होने देने तथा गर्मी में प्रदेशभर में बिजली व पानी की आपूर्ति सुचारू बनाए रखने के भी निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने आगामी कैंचीधाम वार्षिकोत्सव के मद्देनजर सड़क मरम्मत, यातायात प्रबंधन और पार्किंग व्यवस्था को भी बेहतर बनाने के निर्देश दिए हैं। बैठक में प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु, प्रमुख सचिव आर. मीनाक्षी सुंदरम, अपर पुलिस महानिदेशक ए.पी. अंशुमन, गढ़वाल आयुक्त विनय शंकर पांडेय, वर्चुअल माध्यम से कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत और सभी जिलाधिकारी मौजूद रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.

https://www.breaknwaves.com/jet_skis_boat_rentals.html