देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को देहरादून के मालसी स्थित चिड़ियाघर में सफेद बाघ ‘तेजस’ के बाड़े का लोकार्पण किया। इसके साथ ही सफेद बाघ को पर्यटकों के अवलोकन के लिए समर्पित किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि सफेद बाघ ‘तेजस’ के चिड़ियाघर में आने से पर्यटकों के आकर्षण में और वृद्धि होगी। यहां आने वाले पर्यटकों को वन्यजीवों को करीब से देखने और उनके बारे में जानने का एक नया अनुभव मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि देहरादून चिड़ियाघर प्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थलों में शामिल है। प्रतिवर्ष यहां करीब 8.50 लाख पर्यटक पहुंचते हैं और चिड़ियाघर से सात करोड़ रुपये से अधिक की आय प्राप्त होती है। सफेद बाघ के आगमन से पर्यटकों की संख्या में और बढ़ोतरी होने की उम्मीद है। उत्तराखंड में पहली बार इस तरह के सफेद बाघ को लाया गया है। इससे पहले चिड़ियाघर में अन्य प्रजाति के दो बाघ लाए गए थे, जिनसे भी पर्यटकों का आकर्षण बढ़ा था।
पर्यटन के साथ वन्यजीव संरक्षण और जागरूकता का केंद्र है चिड़ियाघर
मुख्यमंत्री ने कहा कि देहरादून चिड़ियाघर केवल पर्यटकों के घूमने का स्थान नहीं है, बल्कि वन्यजीवों और पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने का एक महत्वपूर्ण केंद्र भी है। यहां आने वाले बच्चों, युवाओं और पर्यटकों को वन्यजीवों, जंगलों की जैव विविधता तथा प्राकृतिक पारिस्थितिकी तंत्र को समझने का अवसर मिलता है।
उन्होंने कहा कि प्रकृति और वन्यजीवों के प्रति संवेदनशीलता विकसित करना आज के समय में बेहद आवश्यक है। चिड़ियाघर जैसे संस्थान लोगों को वन्यजीव संरक्षण के महत्व से परिचित कराने और प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी का भाव विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
अब कॉलेज विद्यार्थियों को भी मिलेगा निःशुल्क प्रवेश
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने पूर्व में बच्चों के लिए चिड़ियाघर में निःशुल्क भ्रमण की सुविधा शुरू की थी, जिसका सकारात्मक परिणाम देखने को मिला है। इस व्यवस्था से बच्चों को वन्यजीवों के बारे में जानकारी प्राप्त करने, प्रकृति को समझने और पर्यावरण के प्रति जागरूक होने का अवसर मिला है।
इसी क्रम में मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि अब देहरादून चिड़ियाघर में कॉलेजों में अध्ययनरत विद्यार्थियों को भी निःशुल्क प्रवेश की सुविधा प्रदान की जाएगी। इस निर्णय से विद्यार्थियों को वन्यजीव संरक्षण, जैव विविधता और पर्यावरण से जुड़े विषयों का व्यावहारिक ज्ञान प्राप्त करने में मदद मिलेगी।
उन्होंने कहा कि इस पहल से युवाओं में प्रकृति और पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ेगी। विद्यार्थी केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित न रहकर प्राकृतिक संसाधनों, वन्यजीवों और पारिस्थितिकी तंत्र को करीब से समझ सकेंगे। इससे भविष्य में राज्य और देश के विकास के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में भी युवाओं की सहभागिता बढ़ेगी।
विकास और पर्यावरण संरक्षण के बीच संतुलन जरूरी
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड भौगोलिक और पर्यावरणीय दृष्टि से अत्यंत संवेदनशील राज्य है। प्रदेश को हर वर्ष विभिन्न प्राकृतिक आपदाओं और पर्यावरणीय चुनौतियों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में विकास कार्यों को आगे बढ़ाते हुए पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखना बेहद जरूरी है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता पारिस्थितिकी और अर्थव्यवस्था के बीच संतुलन कायम करते हुए विकास को गति देना है। प्रदेश में विकास योजनाओं के साथ प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण, वन्यजीवों की सुरक्षा और पर्यावरणीय संवेदनशीलता को ध्यान में रखा जा रहा है।
उत्तराखंड की वन संपदा और जैव विविधता हमारी धरोहर
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड देश के प्रमुख वन संपदा वाले राज्यों में शामिल है। यहां के जंगल, वन्यजीव, प्राकृतिक जल स्रोत और समृद्ध जैव विविधता प्रदेश की अमूल्य धरोहर हैं। इनका संरक्षण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का सामूहिक दायित्व है।
उन्होंने कहा कि वन्यजीवों की सुरक्षा के साथ नई पीढ़ी को प्रकृति के प्रति संवेदनशील बनाना भी आवश्यक है। देहरादून चिड़ियाघर जैसे केंद्र लोगों को पर्यावरण और वन्यजीवों से जोड़ने का काम कर रहे हैं। सफेद बाघ ‘तेजस’ के आगमन और विद्यार्थियों को निःशुल्क प्रवेश देने की पहल से पर्यटन के साथ-साथ शैक्षिक एवं पर्यावरणीय जागरूकता को भी बढ़ावा मिलेगा।
इस अवसर पर वन मंत्री सुबोध उनियाल, प्रमुख सचिव वन आर.के. सुधांशु, प्रमुख वन संरक्षक (हॉफ) कपिल लाल सहित वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।