उधमसिंहनगर के रुद्रपुर में अलग-अलग घटनाओं में हिंसा की दो गंभीर वारदातें सामने आई हैं। पहली घटना में शराब के नशे में हंगामा कर रहे युवकों को रोकना एक सिक्योरिटी गार्ड को भारी पड़ गया। आरोपियों ने चाकू से हमला कर उसकी हत्या कर दी। वहीं, दूसरी घटना में एक पिता ने अपने ही बेटे के सिर पर लोहे के सरिये से कई वार कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। दोनों मामलों में पुलिस जांच और आरोपियों की तलाश में जुटी है।
पहली घटना रुद्रपुर के रेशमबाड़ी इलाके की है। जानकारी के मुताबिक, 50 वर्षीय लीलाधर एक निजी कंपनी में सिक्योरिटी गार्ड के पद पर तैनात थे। बीती शाम ड्यूटी खत्म कर वह घर लौट रहे थे। इसी दौरान घर के पास कुछ युवक शराब के नशे में हंगामा कर रहे थे। लीलाधर के भांजे राहुल ने युवकों को ऐसा करने से रोका, तो आरोपियों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी।
भांजे को पिटता देख लीलाधर भी मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव करने लगे। आरोप है कि इसी दौरान युवकों ने उन पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमलावरों ने राहुल के साथ-साथ रामअवतार और अनुज पर भी चाकू से वार किए। हमले में चारों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से सभी को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने लीलाधर को मृत घोषित कर दिया। वहीं, तीन अन्य घायलों का उपचार जारी है।
दूसरी घटना रुद्रपुर की इंदिरा कॉलोनी में सामने आई है। यहां 22 नवंबर को एक पिता ने अपने ही बेटे पर लोहे के सरिये से हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि अनिल शादी-विवाह और अन्य कार्यक्रमों की एल्बम तैयार करने का काम करता है। आरोप है कि किसी बात को लेकर पिता सुरेश ने उस पर सरिये से कई वार किए। हमले में अनिल के सिर पर तीन गंभीर घाव हो गए। उसे तत्काल निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
वारदात के बाद आरोपी पिता मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने हमले में इस्तेमाल किया गया लोहे का सरिया भी बरामद कर लिया है।
फिलहाल दोनों घटनाओं ने रुद्रपुर में कानून-व्यवस्था और आपसी हिंसा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस दोनों मामलों में आगे की कार्रवाई कर रही है।