देहरादून। उत्तराखंड में सरकारी नौकरी हासिल करने के लिए फर्जी दस्तावेजों के इस्तेमाल के मामले अब वन विभाग तक पहुंच गए हैं। शिक्षा विभाग में फर्जी प्रमाणपत्रों के आधार पर नौकरी पाने के मामले सामने आने के बाद अब वन विभाग में भी नियुक्तियों को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। वन आरक्षी, वन दरोगा और डिप्टी रेंजर के खिलाफ मिली शिकायतों के बाद विभाग ने जांच और कार्रवाई तेज कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, वन विभाग में फर्जी दस्तावेजों के आधार पर नौकरी हासिल करने की शिकायतों पर विभाग ने सख्ती दिखानी शुरू कर दी है। एक वन आरक्षी को विभाग की ओर से नोटिस जारी किया जा चुका है, जबकि एक डिप्टी रेंजर के खिलाफ शिकायत मिलने के बाद नोटिस भेजने की तैयारी की जा रही है।
वहीं, दो वन दरोगाओं के खिलाफ भी विभाग को शिकायतें मिली हैं। इनमें से एक वन दरोगा के खिलाफ हाल ही में हरिद्वार से शिकायत प्राप्त हुई है। विभाग इस मामले में जल्द निर्णय ले सकता है। इसके अलावा एक अन्य वन आरक्षी के खिलाफ विभागीय कार्रवाई हो चुकी है और यह मामला फिलहाल न्यायालय में विचाराधीन है।
शिकायतों में फर्जी जाति प्रमाणपत्र लगाने, शैक्षिक योग्यता से संबंधित दस्तावेजों में गड़बड़ी करने और सरकारी नौकरी पाने के लिए गलत शपथपत्र प्रस्तुत करने जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं। इन शिकायतों के बाद अब संबंधित कर्मचारियों की नियुक्ति के समय जमा किए गए शैक्षिक प्रमाणपत्रों और आरक्षण का लाभ लेने के लिए प्रस्तुत जाति प्रमाणपत्रों की प्रमाणिकता भी जांच के दायरे में है।
वन विभाग का सीसीएफ एचआरडी अनुभाग इन मामलों को गंभीरता से ले रहा है। कुछ मामलों में नोटिस जारी कर विभागीय स्तर पर कार्रवाई शुरू की गई है।
गौरतलब है कि उत्तराखंड में इससे पहले शिक्षा विभाग में भी फर्जी प्रमाणपत्रों के आधार पर सरकारी नौकरी हासिल करने के कई मामले सामने आ चुके हैं। जांच के बाद कई शिक्षकों की सेवाएं समाप्त की जा चुकी हैं। अब वन विभाग में सामने आ रही शिकायतों ने नियुक्तियों के दौरान दस्तावेजों के सत्यापन की प्रक्रिया पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर नियुक्ति के समय इन प्रमाणपत्रों का सत्यापन किस स्तर पर किया गया था? यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं, तो नौकरी पाने वाले कर्मचारियों के साथ-साथ सत्यापन प्रक्रिया में लापरवाही बरतने वाले जिम्मेदार अधिकारियों की भूमिका भी जांच के दायरे में आ सकती है।