अल्मोड़ा में दर्दनाक सड़क हादसा, 200 मीटर गहरी खाई में गिरा कैंटर, चालक की मौत

अल्मोड़ा। उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। टोटाम-चेरीधार के समीप एक कैंटर वाहन अनियंत्रित होकर करीब 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में वाहन चालक की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ और फायर सर्विस की टीमें मौके पर पहुंचीं और संयुक्त रूप से रेस्क्यू अभियान शुरू किया। एसडीआरएफ पोस्ट भिकियासैंण को 28 नवंबर को डीसीआर अल्मोड़ा के माध्यम से हादसे की सूचना मिली थी। इसके बाद अपर उप निरीक्षक सुंदर बोरा के नेतृत्व में टीम तत्काल आवश्यक रेस्क्यू उपकरणों के साथ घटनास्थल के लिए रवाना हुई।

मौके पर पहुंचने पर कैंटर गहरी खाई में गिरा हुआ मिला। खाई की गहराई और दुर्गम परिस्थितियों के बावजूद एसडीआरएफ और फायर सर्विस की टीम ने लगातार सर्च एवं रेस्क्यू अभियान चलाया। काफी मशक्कत के बाद करीब 200 मीटर गहरी खाई से चालक का शव बरामद किया गया।

मृतक की पहचान 35 वर्षीय हीरा सिंह, पुत्र वीरेंद्र सिंह, निवासी नंदप्रयाग घाट, जिला चमोली के रूप में हुई है। रेस्क्यू टीम ने शव को खाई से बाहर निकालकर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के लिए स्थानीय पुलिस के सुपुर्द कर दिया। पुलिस मामले में अग्रिम कार्रवाई कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *