नंदा की चौकी पुल की एप्रोच वॉल तीन घंटे में दुरुस्त करने के निर्देश, मालदेवता और बल्दी नदी क्षेत्र में भी पहुंचे डीएम; भूस्खलन के चलते दो दिन चारधाम यात्रा स्थगित
देहरादून। उत्तराखंड में भारी बारिश के बीच देहरादून जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर है। मंगलवार सुबह से हो रही तेज बारिश के बीच जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने खुद फील्ड में उतरकर विभिन्न प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने बारिश से क्षतिग्रस्त सड़कों, पुलों और सुरक्षा दीवारों का जायजा लेते हुए संबंधित विभागों को राहत और बहाली कार्य युद्धस्तर पर करने के निर्देश दिए।
नंदा की चौकी पुल की एप्रोच वॉल क्षतिग्रस्त
जिलाधिकारी ने सबसे पहले नंदा की चौकी पुल की क्षतिग्रस्त एप्रोच वॉल का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई करते हुए तीन घंटे के भीतर एप्रोच वॉल को बहाल करने के निर्देश दिए, ताकि यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो।
इसके बाद डीएम सोडा सरौली क्षेत्र पहुंचे। यहां बारिश से क्षतिग्रस्त प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) की सड़क का निरीक्षण करते हुए उन्होंने इसे जल्द से जल्द यातायात के लिए खोलने के निर्देश दिए। वहीं मलबा आने के कारण बंद थानों मार्ग को भी बहाल करा दिया गया।
मालदेवता और बल्दी नदी क्षेत्र का भी निरीक्षण
जिलाधिकारी ने रायपुर विधायक उमेश शर्मा काऊ के साथ मालदेवता क्षेत्र में सड़क की स्थिति का जायजा लिया। इसके बाद वह आईटी पार्क-सहस्रधारा मार्ग पहुंचे।
यहां बल्दी नदी के किनारे बारिश से क्षतिग्रस्त सुरक्षा दीवार का निरीक्षण किया गया। डीएम ने संबंधित विभागों को सुरक्षा कार्यों में तेजी लाने के साथ ही संवेदनशील स्थानों पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए।
दो दिन स्थगित रहेगी चारधाम यात्रा
भारी बारिश और भूस्खलन के खतरे को देखते हुए चारधाम यात्रियों के लिए भी बड़ा फैसला लिया गया है। गढ़वाल आयुक्त आनंद स्वरूप के अनुसार, चारधाम यात्रा मार्ग पर कई स्थानों पर भूस्खलन और भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए यात्रियों की सुरक्षा के मद्देनजर आज और कल चारधाम यात्रा स्थगित रहेगी।
मौसम सामान्य होने और यात्रा मार्ग सुरक्षित होने के बाद यात्रा दोबारा शुरू की जाएगी।
प्रशासन ने लोगों से की सावधानी बरतने की अपील
प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है। साथ ही नदी-नालों के किनारे नहीं जाने और उफनते जलस्रोतों को पार करने का प्रयास नहीं करने की सलाह दी गई है।
प्रशासन ने लोगों से मौसम विभाग और जिला प्रशासन की ओर से जारी आधिकारिक एडवाइजरी का पालन करने की अपील की है। भारी बारिश के चलते संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी गई है और राहत-बचाव व्यवस्था को अलर्ट मोड पर रखा गया है।