पुष्कर सिंह धामी ने टिहरी से 25वीं ऑल इंडिया पुलिस वाटर स्पोर्ट्स चैंपियनशिप का किया शुभारंभ, 19 टीमों के 440 खिलाड़ी ले रहे भाग

देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को टिहरी गढ़वाल स्थित वाटर स्पोर्ट्स एंड एडवेंचर इंस्टीट्यूट में आयोजित 25वीं ऑल इंडिया पुलिस वाटर स्पोर्ट्स क्लस्टर चैंपियनशिप का वर्चुअल माध्यम से शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने देश के विभिन्न राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों से आए पुलिस बलों के खिलाड़ियों, अधिकारियों और खेल प्रेमियों का देवभूमि उत्तराखंड में स्वागत और अभिनंदन किया।

मुख्यमंत्री ने इसे राज्य के लिए गौरवपूर्ण क्षण बताते हुए कहा कि उत्तराखंड को पहली बार इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय आयोजन की मेजबानी का अवसर मिला है। उन्होंने अखिल भारतीय पुलिस स्पोर्ट्स कंट्रोल बोर्ड का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच प्रदान करते हैं और राज्य को साहसिक खेलों एवं पर्यटन के क्षेत्र में नई पहचान दिलाते हैं।

इस प्रतियोगिता में देशभर की 19 टीमों के 440 से अधिक महिला और पुरुष खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। ये खिलाड़ी कैनोइंग, रोइंग और कयाकिंग जैसी विभिन्न जल क्रीड़ा स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।

मुख्यमंत्री ने प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पुलिस और अर्धसैनिक बलों के जवान देश की सुरक्षा, कानून व्यवस्था और जनविश्वास बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे में उनका शारीरिक और मानसिक रूप से फिट रहना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि खेल न केवल फिटनेस को बढ़ाते हैं, बल्कि अनुशासन, टीम भावना और कठिन परिस्थितियों में कार्य करने की क्षमता भी विकसित करते हैं।

उन्होंने यह भी कहा कि वाटर स्पोर्ट्स जैसे खेल आपदा प्रबंधन, बाढ़ राहत, नदी बचाव और तटीय सुरक्षा जैसे कार्यों में भी अत्यंत उपयोगी साबित होते हैं। इन खेलों में दक्षता कई बार आपात परिस्थितियों में लोगों की जान बचाने में अहम भूमिका निभाती है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चलाए जा रहे ‘खेलो इंडिया’ और ‘फिट इंडिया मूवमेंट’ जैसे अभियानों ने देश में खेल संस्कृति को मजबूत किया है और युवाओं में खेलों के प्रति नया उत्साह पैदा किया है। राज्य सरकार भी खेलों को बढ़ावा देने और खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।

उन्होंने बताया कि उत्तराखंड ने हाल ही में 38वें राष्ट्रीय खेलों का सफल आयोजन कर अपनी क्षमता का प्रदर्शन किया है और अब राज्य देवभूमि के साथ-साथ खेलभूमि के रूप में भी तेजी से उभर रहा है। राज्य में आधुनिक खेल अवसंरचना का तेजी से विकास हो रहा है और भविष्य में अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के आयोजन की दिशा में भी प्रयास किए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखंड के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है और इस तरह के आयोजन पर्यटन को बढ़ावा देने, स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूत करने और खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

इस अवसर पर विधायक किशोर उपाध्याय, जिला पंचायत अध्यक्ष टिहरी सुश्री इशिता सजवान, नगर पालिका अध्यक्ष मोहन सिंह रावत, विशेष प्रमुख सचिव खेल अमित सिन्हा, एडीजी आईटीबीपी संजय गुंज्याल, आईजी नॉर्दन फ्रंटियर आईटीबीपी मनु महाराज, आईजी सीआरपीएफ दिनेश उनियाल, आईजी आईटीबीपी एकेडमी गिरीश चंद्र उपाध्याय, जिलाधिकारी टिहरी श्रीमती नीतिका खण्डेलवाल तथा एसएसपी श्रीमती श्वेता चौबे सहित अनेक अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *