उत्तराखंड: जलवायु अनुकूल बारानी कृषि परियोजना की 187.11 करोड़ की वार्षिक कार्ययोजना को मंजूरी

देहरादून। मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन की अध्यक्षता में आयोजित हाई पावर कमेटी की बैठक में उत्तराखंड जलवायु अनुकूल बारानी कृषि परियोजना की वित्तीय वर्ष 2026–27 के लिए 187.11 करोड़ रुपये की वार्षिक कार्ययोजना को मंजूरी दे दी गई।

बैठक में परियोजना की भौतिक और वित्तीय प्रगति की समीक्षा करते हुए समिति ने वित्तीय वर्ष 2025–26 के लिए 62.19 करोड़ रुपये की पुनरीक्षित वार्षिक कार्ययोजना को भी स्वीकृति प्रदान की। इसके साथ ही परियोजना के प्रभावी संचालन के लिए परियोजना संचालन दिग्दर्शिका, फाइनेंशियल मैनेजमेंट सिस्टम मैनुअल और विभिन्न दिशानिर्देश पुस्तिकाओं को भी अनुमोदित किया गया।

मुख्य सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि परियोजना के उद्देश्यों को ध्यान में रखते हुए ग्राम स्तर पर स्थानीय आवश्यकताओं के अनुसार योजनाएं तैयार की जाएं, ताकि ग्रामीणों को इसका अधिकतम लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों को देखते हुए इस परियोजना के माध्यम से बारानी कृषि को अधिक सक्षम और टिकाऊ बनाना जरूरी है।

बैठक में सचिव/मुख्य परियोजना निदेशक दिलीप जावलकर, सचिव सी रविशंकर, परियोजना निदेशक हिमांशु खुराना, अपर सचिव अपूर्वा पांडेय, अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी सारा कहकशां नसीम सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *