पिथौरागढ़ में दर्दनाक हादसा: टिप्पर खाई में गिरा, चालक की मौके पर मौत

पिथौरागढ़। जिले में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में टिप्पर वाहन खाई में गिरने से चालक की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस और एसडीआरएफ टीम ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू अभियान चलाया और शव को बाहर निकाला।

पुलिस के अनुसार सुबह करीब 7:20 बजे डायल 112 के माध्यम से सूचना मिली कि गुरना मंदिर से पहले एक टिप्पर वाहन गहरी खाई में गिर गया है। सूचना मिलते ही एचोली चौकी से उपनिरीक्षक कमलेश चंद्र जोशी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। घटना की गंभीरता को देखते हुए राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (SDRF) को भी मौके पर बुलाया गया।

संयुक्त रेस्क्यू अभियान के दौरान पाया गया कि एक व्यक्ति मुख्य सड़क से करीब 60 मीटर गहरी खाई में गिरा हुआ था, जिसकी मौके पर ही मौत हो चुकी थी। मृतक की पहचान केशव सिंह बोरा (48 वर्ष) निवासी ग्राम दुंगा टोली, पिथौरागढ़ के रूप में हुई है, जो टिप्पर वाहन का चालक था।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार चालक केशव सिंह बोरा गुरुवार को वाहन में गिट्टी भरकर लोहाघाट गया था और वहां से वापस लौटते समय यह हादसा हो गया।

पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *