खटीमा में यूकेडी का शक्ति प्रदर्शन, आशीष नेगी बोले– 2027 में 70 सीटों पर लड़ेंगे चुनाव, गैरसैंण राजधानी व सख्त भू-कानून का दोहराया संकल्प

खटीमा: उत्तराखंड क्रांति दल ने विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में पार्टी की कुमाऊं क्रांति संवाद यात्रा 2026 के अंतिम चरण में यूकेडी युवा प्रकोष्ठ के केंद्रीय अध्यक्ष आशीष नेगी खटीमा पहुंचे, जहां उन्होंने कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों के साथ संवाद कर संगठन को मजबूत करने का संदेश दिया।

यात्रा के खटीमा पहुंचने पर राज्य आंदोलन के शहीदों को नमन किया गया। इसके बाद एक निजी बैंक्वेट हॉल में आयोजित कार्यक्रम में यूकेडी नेताओं ने जनसंवाद कर मूल निवास, सख्त भू-कानून और गैरसैंण को स्थायी राजधानी बनाने जैसे मुद्दों पर पार्टी का विजन रखा और 2027 में यूकेडी को सत्ता में लाने की अपील की।

70 सीटों पर चुनाव लड़ने का दावा

ईटीवी भारत से बातचीत में आशीष नेगी ने कहा कि पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव में सभी 70 सीटों पर उम्मीदवार उतारेगी और जनता के आशीर्वाद से सत्ता में आएगी। उन्होंने भरोसा जताया कि कुमाऊं क्षेत्र में यात्रा के दौरान जिस तरह का जनसमर्थन मिला है, उससे साफ है कि क्षेत्रीय दल के रूप में यूकेडी के प्रति लोगों का विश्वास बढ़ रहा है।

उन्होंने कहा कि सत्ता में आने पर पार्टी सख्त भू-कानून लागू करेगी, 1950 के मूल निवास को प्रभावी करेगी और गैरसैंण को स्थायी राजधानी बनाएगी।

बूथ स्तर पर संगठन मजबूत करने का दावा

आशीष नेगी ने संगठनात्मक तैयारियों का जिक्र करते हुए बताया कि पार्टी 3,600 बूथों पर अपनी संरचना खड़ी कर चुकी है और करीब 11,500 बूथों पर बूथ अध्यक्ष व बूथ प्रभारी नियुक्त करने की प्रक्रिया चल रही है। उनका कहना था कि यूकेडी इस बार पूरी ताकत के साथ चुनाव मैदान में उतरेगी।

राष्ट्रीय दलों से मोहभंग का किया दावा

यूकेडी नेता ने कहा कि प्रदेश की जनता का राष्ट्रीय दलों से मोहभंग हो रहा है और लोग क्षेत्रीय दल की ओर उम्मीद भरी नजरों से देख रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि कुमाऊं यूकेडी के बड़े नेताओं की कर्मभूमि रहा है, इसलिए यहां पार्टी की मजबूत पकड़ है।

कार्यकर्ताओं में जोश भरने की कोशिश

कुमाऊं क्रांति संवाद यात्रा के जरिए यूकेडी कार्यकर्ताओं में नए सिरे से ऊर्जा भरने और संगठन को जमीनी स्तर पर सक्रिय करने की कोशिश कर रही है। खटीमा में यात्रा के समापन के साथ पार्टी ने साफ संकेत दिए हैं कि वह 2027 के चुनाव को लेकर अभी से चुनावी मोड में आ चुकी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *