उत्तराखंड में फिर बदलेगा मौसम: 5 जिलों में बारिश-बर्फबारी के आसार, 48 घंटे में गिरेगा तापमान

देहरादून:उत्तराखंड में एक बार फिर मौसम करवट लेने जा रहा है। सक्रिय हो रहे पश्चिमी विक्षोभ के असर से प्रदेश के पांच पर्वतीय जिलों में हल्की बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना जताई गई है। अगले 48 घंटों के दौरान अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है, जिससे सुबह-शाम की ठंड दोबारा महसूस होगी।

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार पिछले एक सप्ताह से प्रदेश के कई हिस्सों में तापमान सामान्य से 3 से 5 डिग्री सेल्सियस अधिक चल रहा था, लेकिन अब मौसम में बदलाव के संकेत मिल रहे हैं। नए पश्चिमी विक्षोभ का असर हिमालयी क्षेत्रों में देखने को मिलेगा।

इन जिलों में बारिश और बर्फबारी के आसार

पूर्वानुमान के मुताबिक उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में 23 और 24 फरवरी को कहीं-कहीं बहुत हल्की बारिश हो सकती है।
3000 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी की संभावना भी जताई गई है।

मैदानी इलाकों में मौसम शुष्क

हरिद्वार और उधमसिंह नगर जैसे मैदानी जिलों में मौसम शुष्क बना रहेगा।
राजधानी देहरादून में आंशिक बादल छाए रहने और ठंडी हवाएं चलने से दिन के तापमान में हल्की गिरावट हो सकती है।

25 फरवरी से मौसम होगा साफ

मौसम विभाग के अनुसार 24 फरवरी के बाद पश्चिमी विक्षोभ कमजोर पड़ जाएगा। 25 फरवरी से प्रदेश में फिर से मौसम साफ होने और चटख धूप खिलने के आसार हैं। फरवरी के अंतिम सप्ताह में तापमान में दोबारा बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है।

फिलहाल पहाड़ी क्षेत्रों में मौसम बदलने से ठंड बढ़ने की संभावना है, ऐसे में ऊंचाई वाले इलाकों में जाने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *