नैनीताल में कोर्ट को RDX से उड़ाने की धमकी, तीन न्यायालय परिसरों में हड़कंप बम और डॉग स्क्वाड की सघन तलाशी

नैनीताल/हल्द्वानी। उत्तराखण्ड के नैनीताल जिले में उस समय हड़कंप मच गया जब जिला एवं सत्र न्यायालय समेत तीन न्यायालय परिसरों को आरडीएक्स से उड़ाने की धमकी भरा ई-मेल मिलने के बाद तत्काल प्रभाव से खाली करा लिया गया। सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर आ गईं और पूरे परिसर में बम निरोधक दस्ते व डॉग स्क्वाड की मदद से सघन तलाशी अभियान चलाया गया।

धमकी भरा मेल सरकारी ई-मेल आईडी पर सोमवार सुबह करीब 8:41 बजे प्राप्त हुआ। मेल में दावा किया गया कि जज के चैंबर में 12 आरडीएक्स आईईडी लगाए गए हैं, जो जल्द ही विस्फोट करेंगे। मेल में दोपहर 12:15 बजे तक सभी को न्यायालय परिसर खाली कराने की चेतावनी दी गई थी। मेल कथित तौर पर sunniya_dasan@outlook.com से भेजा गया और इसमें अंतरराष्ट्रीय संगठनों का भी जिक्र किया गया है, जिससे सुरक्षा एजेंसियां और सतर्क हो गई हैं।

सूचना मिलते ही जिला एवं सत्र न्यायालय नैनीताल, रामनगर कोर्ट और हल्द्वानी के जजी कोर्ट को तत्काल खाली कराया गया। वकीलों, कर्मचारियों और वादकारियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। हल्द्वानी बार एसोसिएशन के अध्यक्ष के.के. पंत ने बताया कि मेल में हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में धमकी दी गई थी।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए। हल्द्वानी में कोतवाल विजय मेहता और एसपी क्राइम मनोज कत्याल ने कोर्ट परिसर का निरीक्षण किया और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। वहीं नैनीताल में बम स्क्वाड और डॉग स्क्वाड ने न्यायालय के अंदर और आसपास के क्षेत्रों में गहन जांच की।

दोपहर करीब डेढ़ बजे तक तलाशी अभियान जारी रहा और स्थिति पूरी तरह सामान्य नहीं हो सकी थी। फिलहाल किसी भी तरह की विस्फोटक सामग्री मिलने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन पुलिस और खुफिया एजेंसियां मेल की सत्यता और उसके स्रोत की जांच में जुट गई हैं।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले को बेहद गंभीरता से लिया जा रहा है। साइबर टीम ई-मेल की ट्रेसिंग कर रही है और धमकी देने वाले की पहचान के लिए विभिन्न एजेंसियों से समन्वय स्थापित किया गया है। न्यायालय परिसरों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और प्रवेश पर कड़ी जांच की जा रही है।

इस घटना के बाद न्यायालयों की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो गए हैं, वहीं अधिवक्ताओं और वादकारियों में दहशत का माहौल बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *