पीएम मोदी के उत्तराखंड दौरे से बढ़ेगी राहत कार्यों की रफ्तार, सीएम धामी ने जॉलीग्रांट एयरपोर्ट पर ली तैयारियों की समीक्षा

देहरादून। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुरुवार को उत्तराखंड के आपदा प्रभावित इलाकों का हवाई सर्वेक्षण करेंगे और प्रदेश में चल रहे राहत एवं पुनर्वास कार्यों की समीक्षा बैठक में हिस्सा लेंगे। इसको लेकर राज्य सरकार पूरी तरह से अलर्ट मोड पर है। बुधवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जॉलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री धामी ने अधिकारियों से कहा कि प्रधानमंत्री का यह दौरा राज्य के लिए बेहद महत्वपूर्ण है, इसलिए सभी व्यवस्थाएं तय समय पर और उच्च स्तर की होनी चाहिए। उन्होंने सुरक्षा, परिवहन, प्रोटोकॉल तथा बैठक की व्यवस्थाओं की विस्तार से जानकारी ली।

सीएम धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का उत्तराखंड से विशेष जुड़ाव है। आपदा के इस कठिन समय में लगातार उनके मार्गदर्शन और सहयोग से राहत कार्यों को गति मिली है। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री के दौरे से राज्य में चल रहे राहत और पुनर्वास कार्यों को और मजबूती मिलेगी।

बताया जा रहा है कि प्रधानमंत्री मोदी सबसे पहले आपदा प्रभावित इलाकों का हवाई सर्वेक्षण करेंगे। इसके बाद वे देहरादून में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक करेंगे, जिसमें मुख्यमंत्री धामी सहित तमाम वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहेंगे। इस बैठक में आपदा प्रभावित लोगों के पुनर्वास, क्षतिग्रस्त बुनियादी ढांचे के पुनर्निर्माण और भविष्य की रणनीति पर चर्चा की जाएगी।

राज्य सरकार के मुताबिक, प्रधानमंत्री के दौरे से न केवल प्रभावित क्षेत्रों को तत्काल राहत कार्यों में तेजी मिलेगी बल्कि दीर्घकालिक पुनर्वास योजनाओं को भी केंद्र से अधिक सहयोग मिल सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *