हरिद्वार: निलंबन से नाराज फैक्ट्री कर्मचारी ने गंडासे से किया गार्ड पर हमला, अधिकारियों को दी जान से मारने की धमकी

हरिद्वार के लक्सर क्षेत्र में स्थित कैवंडिश टायर फैक्ट्री में गुरुवार शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई जब फैक्ट्री के एक निलंबित कर्मचारी ने गेट पर पहुंचकर सुरक्षाकर्मी पर गंडासे से हमला कर दिया और अधिकारियों को जान से मारने की धमकी दी।

निलंबन के बाद से था नाराज

जानकारी के अनुसार, फैक्ट्री में कुछ समय पहले कर्मचारियों की हड़ताल हुई थी, जिसके बाद अनुशासनहीनता के आरोप में कई कर्मचारियों को निलंबित और तीन को बर्खास्त किया गया था। इन्हीं में से एक, लक्सर के कुंआखेड़ा गांव निवासी और फैक्ट्री यूनियन पदाधिकारी सहीपाल भी शामिल हैं। सहीपाल अपने निलंबन से बेहद नाराज था।

गेट पर पहुंचकर किया हंगामा

गुरुवार की शाम सहीपाल गंडासा लेकर फैक्ट्री के गेट पर पहुंचा और अधिकारियों के खिलाफ अपशब्द कहने लगा। उसने खुलेआम धमकी दी कि वह फैक्ट्री के अधिकारियों को गंडासे से काट देगा। जब गेट पर तैनात सुरक्षाकर्मियों ने उसे रोकने की कोशिश की, तो उसने एक गार्ड पर गंडासे से हमला कर दिया। गार्ड बाल-बाल बच गया।

धमकी देकर हुआ फरार

घटना के दौरान फैक्ट्री के अन्य कर्मचारी भी मौके पर पहुंचे। लेकिन सहीपाल ने सभी को जान से मारने की धमकी दी और घटनास्थल से फरार हो गया। पूरी घटना फैक्ट्री गेट पर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।

पुलिस में मामला दर्ज

फैक्ट्री के एचआर हेड आलोक कुमार द्वारा पुलिस को दी गई तहरीर के आधार पर लक्सर कोतवाली पुलिस ने आरोपी सहीपाल के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। प्रभारी निरीक्षक राजीव रौथाण ने बताया कि आरोपी की तलाश की जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *