राज्य के नौ जिलों को मिली मोबाइल साइंस लैब की सौगात, मुख्यमंत्री धामी ने दिखाई हरी झंडी

देहरादून।उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विज्ञान शिक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए आज ‘लैब ऑन व्हील्स’ योजना के अंतर्गत 9 नई मोबाइल साइंस लैब को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कैम्प कार्यालय परिसर में मोबाइल लैब्स में स्थापित विज्ञान मॉडलों का अवलोकन भी किया।

इन मोबाइल साइंस लैब्स के माध्यम से अब प्रदेश के सरकारी विद्यालयों में पढ़ने वाले कक्षा 6 से 10वीं तक के छात्र-छात्राएं जीवविज्ञान, रसायन विज्ञान, भौतिकी और गणित जैसे विषयों को प्रयोगशाला स्तर पर व्यवहारिक रूप से सीख सकेंगे। यह पहल विशेष रूप से ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में विज्ञान शिक्षा को लोकप्रिय और रोचक बनाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी।

पिछले वर्ष इस परियोजना के प्रथम चरण के अंतर्गत चम्पावत, अल्मोड़ा, देहरादून और पौड़ी जिलों में मोबाइल साइंस लैब्स का सफल संचालन किया गया था। इस पहल को मिले उत्साहजनक परिणामों के आधार पर अब दूसरे चरण की शुरुआत की गई है, जिसके तहत राज्य के शेष 9 जिलों — उत्तरकाशी, टिहरी, चमोली, रुद्रप्रयाग, हरिद्वार, उधम सिंह नगर, नैनीताल, बागेश्वर एवं पिथौरागढ़ — को शामिल किया गया है।

उत्तराखंड राज्य विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद (UCOST) के महानिदेशक प्रो. दुर्गेश पंत ने जानकारी दी कि यह परियोजना राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी योजना का हिस्सा है। इसका उद्देश्य बच्चों में वैज्ञानिक सोच विकसित करना, विज्ञान को आसान एवं सुलभ बनाना तथा नवाचार को बढ़ावा देना है। उन्होंने बताया कि प्रयोगशालाओं में व्यवहारिक प्रदर्शन, विज्ञान गतिविधियाँ, मॉडल प्रदर्शनी जैसे अनेक माध्यमों से छात्रों को विज्ञान का अनुभव कराया जाएगा।

इस मौके पर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी सचिव नितेश झा, साइंस सिटी के सलाहकार जी.एस. रौतेला, यूकॉस्ट के संयुक्त निदेशक डॉ. डी.पी. उनियाल, परियोजना समन्वयक ई. जितेन्द्र कुमार, अमित पोखरियाल, विकास नौटियाल, पुनीत सिंह सहित अगस्त्या इंटरनेशनल संस्था से अमित कुमार, अशोक सिंह, योगेश और विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *