हर गुजरते दिन के साथ टी-20 वर्ल्ड कप की तारीख भी पास आती जा रही है। दुनियाभर की टीमें क्रिकेट के सबसे छोटे फॉर्मेट के वर्ल्ड कप के लिए तैयारी कर रही हैं। इस वर्ल्ड कप के लिए भारतीय टीम भी फेवरेट बताई जा रही है। इस वर्ल्ड कप से पहले भारत ने अपना आखिरी इंटरनेशनल दौरा श्रीलंका का किया जहां उन्हें टी-20 सीरीज में 1-2 से हार का सामना करना पड़ा। अब जबकि वर्ल्ड कप काफी करीब आ गया है, जाने माने कमेंटेटर हर्षा भोगले ने शो क्रिकबज लाइव के दौरान आगामी वर्ल्ड कप के लिए अपनी भारतीय टीम चुनी।
हर्षा ने अपनी टीम में पांच विशेषज्ञ बल्लेबाजों को जगह दी है। इनमें रोहित शर्मा, केएल राहुल, विराट कोहली और सूर्यकुमार यादव को टीम में जगह दी है। पांचवे स्थान के लिए श्रेयस अय्यर और ईशान किशन के बीच लड़ाई होगी। उन्होंने कहा है कि पांचवें नंबर पर एक बाएं हाथ के बल्लेबाज के होने से टीम को फायदा होता है। हालांकि उन्होंने भारतीय ओपनर शिखर धवन को टीम में शामिल नहीं किया है। विकेटकीपर बल्लेबाज के तौर पर ऋषभ पंत टीम में शामिल हैं। हार्दिक पंड्या, वाशिंग्टन सुन्दर और रवीन्द्र जडेजा के रूप में उन्होंने टीम में तीन ऑलराउंडर को जगह दी है।