उत्तराखंड की गोल्डन गर्ल मानसी नेगी बनीं असिस्टेंट कोच, पौड़ी रांसी स्टेडियम में संभाली जिम्मेदारी

कठिनाइयों से लड़कर हासिल किया मुकाम, अब नई पीढ़ी के खिलाड़ियों को देंगी मार्गदर्शन

पौड़ी। संघर्ष की राह पर चलते हुए सपनों को साकार करने का जज़्बा अगर किसी ने दिखाया है, तो वह हैं उत्तराखंड की गोल्डन गर्ल मानसी नेगी। चमोली जिले के छोटे से गांव मजोठी की बेटी मानसी नेगी को अब खेल विभाग पौड़ी में असिस्टेंट कोच की जिम्मेदारी सौंपी गई है। यह नियुक्ति उन्हें प्रदेश सरकार की ओर से मिली है।

मानसी की शुरुआती पढ़ाई चमोली के साधारण स्कूलों से हुई। बचपन से पढ़ाई और खेल दोनों में अव्वल रहीं मानसी ने इंटरमीडिएट देहरादून से किया और यहीं खेलों की गंभीर तैयारी शुरू की। इसी बीच पिता का साया सिर से उठ गया, लेकिन उन्होंने इस दुख को अपनी ताक़त बना लिया। आज मानसी न सिर्फ एक सफल एथलीट हैं, बल्कि युवाओं के लिए प्रेरणा का प्रतीक भी बन चुकी हैं।

मानसी अब पौड़ी के हाई एल्टीट्यूड रांसी स्टेडियम में खिलाड़ियों को प्रशिक्षण दे रही हैं। यहीं वह राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं की तैयारी भी कर रही हैं। मानसी अब तक 17 से अधिक पदक अपने नाम कर चुकी हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 20 किमी वॉक रेस में 1 घंटा 36 मिनट का रहा है। हाल ही में उन्होंने जर्मनी में आयोजित राइन रूहर FISU विश्व विश्वविद्यालय खेल 2025 में वॉक रेस टीम स्पर्धा में कांस्य पदक जीतकर भारत और उत्तराखंड का नाम रोशन किया।

मानसी को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए तीलू रौतेली पुरस्कार 2022-23 से भी सम्मानित किया जा चुका है। मानसी कहती हैं कि उनकी सबसे बड़ी प्रेरणा उनकी मां और भाई हैं, जिन्होंने हर कदम पर उनका साथ दिया।

जिला क्रीड़ा अधिकारी जयवीर रावत का कहना है कि रांसी मैदान में इन दिनों 300 से अधिक खिलाड़ी विभिन्न राज्यों से आकर अभ्यास कर रहे हैं। मानसी की नियुक्ति से पहाड़ के खिलाड़ियों को बड़ा लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा, “मानसी नेगी ने अपनी मेहनत और लगन से यह मुकाम हासिल किया है। उनकी मौजूदगी आने वाली पीढ़ी के खिलाड़ियों को नई दिशा देगी।”

Leave A Reply

Your email address will not be published.

https://www.breaknwaves.com/jet_skis_boat_rentals.html