उत्तराखंड: पंचायत चुनावों में क्षेत्र पर मर-मिटने के थे वादे : आपदा में लापता, नेपाल में मस्त नेता!

आपदा में लापता, नेपाल में मस्त नेता!

पौड़ी गढ़वाल: उत्तराखंड के लोग इस वक्त भीषण आपदा से जूझ रहे हैं, लेकिन जनता के लिए मर-मिटने के वादे करने वाले कुछ नव-निर्वाचित प्रतिनिधि और पूर्व ब्लॉक प्रमुख इन दिनों जनता की मदद करने की बजाय नेपाल के काठमांडू में ठुमके लगाते और जश्न मनाते नजर आ रहे हैं। सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो ने इन नेताओं की असलियत सबके सामने ला दी है।

चुनाव में वादे, आपदा में गायब

पंचायत चुनावों के दौरान इन नेताओं ने खुद को सबसे योग्य, शिक्षित और जनता का सच्चा सेवक बताते हुए वोट मांगे थे। दावा किया था कि सुख-दुख की हर घड़ी में जनता के साथ रहेंगे। लेकिन आपदा के समय जब थलीसैंण ब्लॉक के कई गांव भूस्खलन से बुरी तरह प्रभावित हैं, लोग घायल हैं, कुछ लापता हैं और कई परिवार मलबे में दब गए—तब ये नेता अपने क्षेत्र से सैकड़ों किलोमीटर दूर नेपाल में मस्ती कर रहे हैं।

वीडियो में ठुमके और गाना

वायरल वीडियो में थलीसैंण क्षेत्र के नव-निर्वाचित कई क्षेत्र पंचायत सदस्य, कुछ नवनिर्वाचित महिला क्षेत्र पंचायत सदस्यों के पति और पूर्व ब्लॉक प्रमुख एक होटल में गाना-बजाना और नाचते-गाते दिख रहे हैं। जबकि इसी समय उनके क्षेत्र में आपदा पीड़ित मदद को तरस रहे हैं।

जनता ढूंढ रही, नेता नदारद

आपदा के इस दौर में जनता अपने चुने हुए प्रतिनिधियों को मदद के लिए तलाश रही है, लेकिन वे गायब हैं। जिनके कंधों पर राहत और बचाव कार्य में मदद का जिम्मा होना चाहिए, वे होटल के डांस फ्लोर पर कदमताल कर रहे हैं।

गंदी राजनीति की मिसाल

यह घटना सिर्फ एक वीडियो भर नहीं, बल्कि उत्तराखंड की उस गंदी राजनीति का आईना है, जिसमें चुनाव जीतने के बाद जनता के दुख-दर्द से नेताओं का रिश्ता खत्म हो जाता है। वोट मांगते समय हाथ जोड़कर भावुक बातें करने वाले, संकट की घड़ी में कहीं नजर नहीं आते।

Leave A Reply

Your email address will not be published.

https://www.breaknwaves.com/jet_skis_boat_rentals.html