नैनीताल: पहाड़ी रास्तों पर तेज रफ्तार और लापरवाही एक बार फिर जानलेवा साबित हुई। नैनीताल के पास पाइंस क्षेत्र में एक थार जीप गहरी खाई में गिर गई, जिसमें सवार एक छात्र की मौत हो गई, जबकि उसके दो साथी गंभीर रूप से घायल हैं।
300 मीटर गहरी खाई में गिरी गाड़ी
मिली जानकारी के अनुसार, थार (RJ60CG4574) में तीन युवक सवार थे, जो कैंची धाम से दर्शन कर नैनीताल होते हुए दिल्ली लौट रहे थे। इसी दौरान पाइंस क्षेत्र में वाहन अनियंत्रित होकर करीब 300 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। हादसा दोपहर करीब 1 बजे के आसपास हुआ बताया जा रहा है।
हल्द्वानी के छात्र की मौत
हादसे में हल्द्वानी निवासी 21 वर्षीय राहुल को गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। राहुल एग्रीकल्चर का छठे सेमेस्टर का छात्र था और परीक्षा देने के लिए नैनीताल आया था।
दो युवक जिंदगी की जंग लड़ रहे
इस हादसे में युवराज सिंह (20 वर्ष) और अरविंद (24 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हुए हैं। दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों युवक जोधपुर के रहने वाले हैं और उन्होंने जयपुर से थार किराए पर ली थी।
SDRF ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन
घटना की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। रेस्क्यू टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद तीनों को खाई से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया।
अधिकारियों में सीओ सिटी अंजना नेगी, सीएमओ डॉ. हरीश चंद्र पंत और कोतवाल ने अस्पताल पहुंचकर घायलों की स्थिति का जायजा लिया।
दर्शन के बाद लौटते समय हुआ हादसा
बताया जा रहा है कि दो दोस्त राजस्थान से घूमने आए थे और हल्द्वानी से राहुल को साथ लेकर पहले कैंची धाम गए। वहां दर्शन करने के बाद वे गोल्ज्यू देवता के मंदिर और फिर नैनीताल पहुंचे थे। इसी दौरान लौटते वक्त यह हादसा हो गया।
पहाड़ी सड़कों पर सावधानी जरूरी
यह हादसा एक बार फिर पहाड़ी क्षेत्रों में वाहन चलाते समय सतर्कता बरतने की आवश्यकता को रेखांकित करता है। संकरी सड़कें, तीखे मोड़ और तेज रफ्तार अक्सर ऐसे हादसों का कारण बनते हैं।