मुख्यमंत्री धामी ने सुनी जनता की समस्याएं, त्वरित समाधान के दिए निर्देश

मुख्य सेवक सदन में आयोजित जनसुनवाई में सड़क, पेयजल, बिजली, स्वास्थ्य और भूमि मामलों पर उठीं शिकायतें

जनता की समस्याओं के समाधान में लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी : मुख्यमंत्री धामी

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को मुख्यमंत्री आवास स्थित मुख्य सेवक सदन में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान बड़ी संख्या में नागरिकों ने सड़क, पेयजल, विद्युत, स्वास्थ्य, शिक्षा, भूमि संबंधी मामलों सहित अन्य जनहित के विषय मुख्यमंत्री के समक्ष रखे।

 

मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री कार्यालय तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसुनवाई में प्राप्त सभी शिकायतों एवं मांगों पर प्राथमिकता के आधार पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक प्रकरण की नियमित मॉनिटरिंग हो और किसी भी मामले में अनावश्यक विलंब या लापरवाही न बरती जाए।

 

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त शिकायतों को संबंधित विभागों तक तुरंत भेजा जाए तथा समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए। साथ ही शिकायतकर्ताओं को की गई कार्रवाई की जानकारी भी उपलब्ध कराई जाए, ताकि शासन व्यवस्था में पारदर्शिता और विश्वास बना रहे।

 

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है कि प्रदेश के प्रत्येक नागरिक को उसकी समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान मिले। जनसुनवाई जैसे कार्यक्रम शासन और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का सशक्त माध्यम हैं। ऐसे कार्यक्रमों से सरकार को जमीनी स्तर की वास्तविक समस्याओं की जानकारी मिलती है, जिससे समाधान हेतु प्रभावी निर्णय लिए जा सकते हैं।

 

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार जनकल्याण, सुशासन और समग्र विकास के संकल्प के साथ निरंतर कार्य कर रही है। प्रदेश के दूरस्थ और सीमांत क्षेत्रों तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि जनता की अपेक्षाओं के अनुरूप सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ सरलता, पारदर्शिता और समयबद्ध तरीके से लोगों तक पहुंचे।

 

इस अवसर पर फिल्म अभिनेत्री हिमानी शिवपुरी ने भी मुख्यमंत्री से भेंट कर उत्तराखंड में चारधाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं के लिए की गई बेहतर व्यवस्थाओं के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रशासन यात्रा को सुचारू एवं सुरक्षित बनाने के लिए पूरी तत्परता से कार्य कर रहा है।

 

वहीं आंगनबाड़ी कर्मियों ने भी अपनी समस्याओं और मांगों पर सकारात्मक आश्वासन दिए जाने के लिए मुख्यमंत्री का धन्यवाद ज्ञापित किया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.

https://www.breaknwaves.com/jet_skis_boat_rentals.html