नंदा की चौकी-पांवटा राजमार्ग पर यातायात बहाल, वैकल्पिक पुल तैयार

देहरादून। जिले के लोगों के लिए राहत की खबर है। नंदा की चौकी, पांवटा राजमार्ग पर आज से वाहनों की आवाजाही शुरू हो गई है। यह मार्ग 15 और 16 सितंबर को हुई भीषण अतिवृष्टि के कारण क्षतिग्रस्त हो गया था। भारी बारिश और भूस्खलन की वजह से नंदा की चौकी के पास बना मोटर पुल टूट गया था, जिससे पूरे क्षेत्र का संपर्क कट गया था और स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।

लोक निर्माण विभाग ने युद्धस्तर पर कार्य करते हुए क्षतिग्रस्त पुल के स्थान पर ह्यूम पाइप डालकर वैकल्पिक पुल का निर्माण कार्य पूरा किया है। अब इस पुल पर छोटे-बड़े वाहन चलने लगे हैं, जिससे आम जनता और यातायात को बड़ी राहत मिली है।

जिला प्रशासन देहरादून ने आपदा के बाद राहत और रेस्टोरेशन कार्यों की रफ्तार तेज कर दी है। डीएम सविन बंसल लगातार ग्राउंड जीरो पर मौजूद रहकर राहत-बचाव और पुनर्निर्माण कार्यों की मॉनिटिरिंग कर रहे हैं। प्रशासन के प्रयासों से जिले के अधिकांश संपर्क मार्ग यातायात के लिए खोल दिए गए हैं।

प्रशासन का कहना है कि पहले प्राथमिकता प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने और राहत सामग्री उपलब्ध कराने पर दी गई थी। अब युद्धस्तर पर बुनियादी सुविधाओं को बहाल किया जा रहा है, ताकि आपदा से प्रभावित क्षेत्रों में सामान्य जनजीवन फिर से पटरी पर लौट सके।

स्थानीय लोग प्रशासन और पीडब्ल्यूडी की त्वरित कार्रवाई की सराहना कर रहे हैं। उनका कहना है कि पुल बहाल होने से न केवल आवागमन सुचारू हुआ है, बल्कि दवा, खाद्यान्न और अन्य जरूरी सामग्री की सप्लाई भी आसानी से पहुंचने लगी है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.

https://www.breaknwaves.com/jet_skis_boat_rentals.html