दून में फिर दहशत: जिम से निकलते ही युवक की गोली मारकर हत्या, 16 दिन में पांचवां मर्डर
देहरादून। उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में अपराध का ग्राफ लगातार बढ़ता नजर आ रहा है। शुक्रवार 13 फरवरी की सुबह राजपुर रोड क्षेत्र में जिम से बाहर निकल रहे एक युवक की बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। 16 दिनों के भीतर जिले में यह पांचवीं हत्या है, जिससे शहर में दहशत का माहौल बन गया है।
जिम से निकलते ही बरसाईं गोलियां
घटना थाना राजपुर रोड स्थित सिल्वर सिटी के पास की है। पुलिस के अनुसार विक्रम सिंह नाम का युवक जिम में वर्कआउट करने के बाद बाहर निकल रहा था। इसी दौरान घात लगाए बदमाशों ने उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।
हमलावरों ने विक्रम सिंह को तीन गोलियां मारीं। घायल अवस्था में उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक विक्रम सिंह सहस्त्रधारा रोड का निवासी बताया जा रहा है।
मौके पर पहुंची भारी पुलिस फोर्स
घटना की सूचना मिलते ही थाना राजपुर पुलिस मौके पर पहुंची। वरिष्ठ अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी गई।
सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और हमलावरों की तलाश में पुलिस की टीमें जुट गई हैं।
राजधानी में लगातार बढ़ते हत्याकांड से हड़कंप
इस वारदात के बाद राजधानी में कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े होने लगे हैं, क्योंकि इससे पहले भी हाल ही में दिनदहाड़े गैस एजेंसी संचालक अर्जुन शर्मा की हत्या हुई थी।
अर्जुन शर्मा हत्याकांड का खुलासा अभी ताजा
दो दिन पहले परेड ग्राउंड स्थित तिब्बती मार्केट के पास गैस एजेंसी मालिक अर्जुन शर्मा की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।
पुलिस ने मुठभेड़ के बाद दोनों शूटरों को गिरफ्तार कर लिया था। पूछताछ में सामने आया कि संपत्ति विवाद के चलते अर्जुन की मां ने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर 12 लाख रुपये में सुपारी देकर हत्या कराई थी। इस मामले में तीन साजिशकर्ता भी गिरफ्तार किए जा चुके हैं।
16 दिन में 5 हत्याएं – कब और कहां
देहरादून जिले में 16 दिनों के भीतर पांच हत्याओं ने सुरक्षा व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है –
-
29 जनवरी 2026 – विकासनगर: 18 साल की छात्रा की हत्या
-
31 जनवरी 2026 – ऋषिकेश: महिला की गोली मारकर हत्या
-
2 फरवरी 2026 – देहरादून: युवती की गला रेतकर हत्या
-
11 फरवरी 2026 – देहरादून: 40 वर्षीय व्यक्ति की गोली मारकर हत्या
-
13 फरवरी 2026 – राजपुर रोड, देहरादून: जिम से निकल रहे युवक विक्रम सिंह की गोली मारकर हत्या