भाजपा में महेंद्र भट्ट को फिर कमान, दूसरी बार निर्विरोध बने उत्तराखंड प्रदेश अध्यक्ष
प्रदेश परिषद की बैठक में हुआ ऐलान, राष्ट्रीय परिषद के 8 सदस्यों की भी हुई घोषणा
देहरादून, 1 जुलाई 2025 उत्तराखंड भाजपा की कमान एक बार फिर राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट को सौंप दी गई है। भट्ट दूसरी बार प्रदेश अध्यक्ष चुने गए हैं और खास बात यह रही कि वह निर्विरोध इस पद पर चयनित हुए। पार्टी संगठन के पर्व पर आयोजित प्रदेश परिषद की बैठक में इस निर्णय की औपचारिक घोषणा की गई।
निर्विरोध चुने गए महेंद्र भट्ट
बीजेपी प्रदेश मुख्यालय में सोमवार को महेंद्र भट्ट ने अध्यक्ष पद के लिए नामांकन किया था। नामांकन प्रक्रिया में कोई अन्य उम्मीदवार सामने न आने के कारण उनका निर्विरोध निर्वाचन पहले ही तय माना जा रहा था, जिसकी औपचारिक घोषणा आज की गई। केंद्रीय चुनाव प्रभारी और केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा ने महेंद्र भट्ट के पुनर्नियुक्ति की घोषणा की।
संगठन को मिलेगा नया स्वरूप, 2027 पर फोकस
भट्ट का दोबारा अध्यक्ष बनना आगामी त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव और 2027 के विधानसभा चुनाव के लिहाज से भाजपा की रणनीति का हिस्सा है। पार्टी हाईकमान को भरोसा है कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और महेंद्र भट्ट की संगठित जोड़ी आगामी चुनावों में भाजपा को मजबूती से आगे ले जाएगी।
सफल कार्यकाल का मिला पुरस्कार
महेंद्र भट्ट का यह लगातार दूसरा कार्यकाल है। वर्ष 2022 में उन्हें पहली बार प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया था। उनके नेतृत्व में पार्टी ने 2024 लोकसभा चुनावों में सभी 5 सीटों पर जीत हासिल की थी, वहीं निकाय चुनावों में भी भाजपा को बड़ी सफलता मिली थी। पार्टी में उनकी सक्रियता और सफलता को देखते हुए उन्हें राज्यसभा सदस्य भी बनाया गया।
राष्ट्रीय परिषद के 8 सदस्यों की भी घोषणा
महेंद्र भट्ट के निर्वाचन के साथ ही भाजपा ने राष्ट्रीय परिषद के 8 सदस्यों की भी घोषणा की। ये सदस्य पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के निर्वाचन में मतदान करेंगे। इन नामों की घोषणा भी केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा द्वारा की गई।
घोषित राष्ट्रीय परिषद सदस्य:
-
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी
-
केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा
-
डॉ. रमेश पोखरियाल ‘निशंक’
-
हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत
-
पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत
-
टिहरी सांसद माला राज्य लक्ष्मी शाह
-
नैनीताल-उधमसिंह नगर सांसद अजय भट्ट
-
कल्पना सैनी