चमोली में ‘जज’ बनकर रौब झाड़ना पड़ा महंगा, पुलिस ने काटा चालान

चमोली। उत्तराखंड के चमोली जिले में वाहन पर ‘JUDGE’ का स्टीकर लगाकर रौब जमाने और नियमों की अनदेखी करना एक युवक को महंगा पड़ गया। पुलिस ने चेकिंग के दौरान वाहन को रोककर पूछताछ की तो पूरा मामला सामने आ गया, जिसके बाद स्टीकर हटवाकर मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालान किया गया।

ऑपरेशन प्रहार के तहत पकड़ा मामला

चारधाम यात्रा के दौरान सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए चमोली पुलिस द्वारा ‘ऑपरेशन प्रहार’ चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत पांडुकेश्वर चेकिंग बैरियर पर पुलिस ने यूपी नंबर की एक कार को रोका।

पुलिस के अनुसार वाहन चालक लंबी कतार को नजरअंदाज कर गलत दिशा से आगे निकलने की कोशिश कर रहा था। कार के शीशे पर बड़े अक्षरों में ‘JUDGE’ लिखा हुआ स्टीकर भी लगा था। पीछे चल रहे अन्य वाहन चालकों ने भी उसकी लापरवाह ड्राइविंग की शिकायत की।

पूछताछ में खुली पोल

वाहन चालक अभय सिंह, निवासी लखीमपुर खीरी (उत्तर प्रदेश), ने पूछताछ में बताया कि गाड़ी उसके दोस्त की है और उसके दोस्त का भाई लखनऊ कोर्ट में कार्यरत है। आगे पूछताछ करने पर पता चला कि वाहन पर लगाया गया ‘JUDGE’ स्टीकर किसी अधिकृत पहचान का हिस्सा नहीं था, बल्कि केवल प्रभाव जमाने और सुविधाएं लेने के उद्देश्य से लगाया गया था।

पुलिस ने लिया सख्त एक्शन

सच्चाई सामने आने के बाद पुलिस ने मौके पर ही वाहन से ‘JUDGE’ स्टीकर हटवाया और मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालान किया। साथ ही चालक को भविष्य में इस तरह के भ्रामक स्टीकर या पदनाम का दुरुपयोग न करने की चेतावनी दी गई।

चारधाम यात्रा के दौरान बढ़ी निगरानी

चमोली पुलिस ने स्पष्ट किया है कि चारधाम यात्रा के मद्देनजर जिले में विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। यातायात नियमों का उल्लंघन करने, नशे में वाहन चलाने और फर्जी वीआईपी पहचान का इस्तेमाल करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.

https://www.breaknwaves.com/jet_skis_boat_rentals.html