Uttarkashi में शुक्रवार देर रात भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए, जिससे कुछ देर के लिए लोगों में हलचल और दहशत का माहौल बन गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि कहीं से भी किसी प्रकार की जनहानि या संपत्ति के नुकसान की सूचना नहीं मिली है।
जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र के अनुसार भूकंप रात 10 बजकर 40 मिनट 40 सेकंड पर दर्ज किया गया। भारतीय मौसम विभाग (IMD) नई दिल्ली से प्राप्त जानकारी के मुताबिक रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 2.4 मापी गई।
भटवाड़ी क्षेत्र के जंगलों में था केंद्र
प्रशासन के अनुसार भूकंप का केंद्र Bhattwari तहसील के गणेशपुर क्षेत्र के जंगलों में स्थित था। भूकंप की गहराई धरती की सतह से लगभग 5 किलोमीटर नीचे दर्ज की गई, जिसके चलते जिला मुख्यालय और आसपास के इलाकों में हल्के झटके महसूस हुए।
प्रशासन ने तुरंत शुरू की निगरानी
भूकंप के तुरंत बाद जिला प्रशासन अलर्ट मोड में आ गया। तहसीलों, पुलिस वायरलेस नेटवर्क और राजस्व उप निरीक्षकों के माध्यम से हालात की जानकारी जुटाई गई। अधिकारियों ने समीक्षा के बाद स्पष्ट किया कि जिले के किसी भी हिस्से से नुकसान की पुष्टि नहीं हुई है।
लोगों से सतर्क रहने की अपील
जिला प्रशासन ने नागरिकों से अफवाहों पर ध्यान न देने और सतर्क रहने की अपील की है। प्रशासन का कहना है कि फिलहाल स्थिति पूरी तरह सामान्य है और घबराने की कोई आवश्यकता नहीं है।
उत्तराखंड भूकंपीय दृष्टि से संवेदनशील क्षेत्र माना जाता है, ऐसे में छोटे झटकों के बाद भी प्रशासन लगातार निगरानी बनाए हुए है।