गुमशुदा नाबालिग बालिका को दून पुलिस ने लखनऊ से सकुशल बरामद किया

देहरादून। महिलाओं और बाल अपराधों के प्रति संवेदनशीलता का परिचय देते हुए दून पुलिस ने प्रेमनगर क्षेत्र से लापता हुई एक नाबालिग बालिका को लखनऊ से सकुशल बरामद किया। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई पर परिजनों ने दून पुलिस का आभार व्यक्त किया है।

मामला कैसे सामने आया?

दिनांक 25 जुलाई 2025 को प्रेमनगर निवासी एक व्यक्ति ने थाना प्रेमनगर में अपनी नाबालिग पुत्री के घर से अचानक लापता होने की सूचना दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून ने बालिका की सकुशल बरामदगी के लिए विशेष टीम गठित कर आवश्यक निर्देश दिए। पुलिस टीम ने तुरंत जांच शुरू की और घटना स्थल व आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही बालिका के सोशल मीडिया खातों की गहन निगरानी की।

इंस्टाग्राम से जुड़ा सुराग

जांच के दौरान पुलिस को यह पता चला कि बालिका इंस्टाग्राम पर लखनऊ की एक युवती के संपर्क में थी, जिसे वह अपनी बड़ी बहन की तरह मानती थी। परिजनों से नाराज होकर बालिका बिना किसी को बताए उसी युवती के घर लखनऊ चली गई थी।

इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस टीम ने लखनऊ में दबिश देकर नाबालिग को उस महिला के घर से सकुशल बरामद किया।

बालिका सकुशल परिजनों को सौंपी गई

बरामदगी के बाद बालिका का चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया और उसे माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया। बालिका के बयान दर्ज करने के बाद उसे सकुशल परिजनों को सौंप दिया गया।

पुलिस की पूछताछ में बालिका ने बताया कि परिजनों द्वारा डांटे जाने पर वह नाराज होकर घर से निकल गई थी और इंस्टाग्राम पर बनी दोस्त के घर पहुंच गई थी। बालिका के साथ किसी प्रकार का कोई अपराध घटित नहीं हुआ।

परिजनों ने दून पुलिस का जताया आभार

बालिका के परिजनों ने दून पुलिस की त्वरित कार्यवाही और संवेदनशीलता की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि पुलिस की मेहनत और सतर्कता के कारण उनकी बच्ची सकुशल वापस लौट सकी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *