देहरादून में रिश्तों का खून: 14 करोड़ की प्रॉपर्टी डील, 12 लाख की सुपारी और बेटे की हत्या का सनसनीखेज खुलासा

देहरादून। उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में एक ऐसी वारदात सामने आई है जिसने मां-बेटे के रिश्ते को ही कटघरे में खड़ा कर दिया। संपत्ति विवाद में एक मां द्वारा अपने ही सगे बेटे की हत्या की साजिश रचकर सुपारी देने का मामला पुलिस जांच में उजागर हुआ है। इस हत्याकांड में मां सहित पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि दो मुख्य शूटर पुलिस मुठभेड़ के बाद पकड़े गए हैं।

घटना कैसे सामने आई

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह ने मीडिया को बताया कि बीते रोज सुबह लगभग साढ़े दस बजे कोतवाली डालनवाला पुलिस को सूचना मिली कि परेड ग्राउंड स्थित तिब्बती मार्केट के पास एक व्यक्ति को अज्ञात हमलावरों ने गोली मार दी है।

पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान अर्जुन शर्मा निवासी इंदिरा नगर, थाना बसंत विहार, देहरादून के रूप में हुई। अर्जुन शर्मा जीएमएस रोड स्थित अमरदीप गैस एजेंसी के स्वामी थे।

पत्नी ने लगाए गंभीर आरोप

घटना के बाद मृतक की पत्नी अभिलाषा शर्मा ने अपनी सास बीना शर्मा, विनोद उनियाल, उनकी पत्नी संगीता उनियाल तथा डॉ. अजय खन्ना (एस.के. मेमोरियल हॉस्पिटल) पर पैसों के लेन-देन और संपत्ति विवाद के चलते हत्या कराने का आरोप लगाया।

शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।

सीसीटीवी से खुला राज

जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर सामने आया कि स्कूटी सवार दो व्यक्तियों ने हत्या को अंजाम दिया। इसके बाद शहरभर में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया।

दो स्थानों पर मुठभेड़

देर रात रायपुर पुलिस ने लाडपुर क्षेत्र में सीक्यूएआई तिराहे के पास एक संदिग्ध को रोकने का प्रयास किया। आरोपी ने पुलिस पर फायर कर जंगल की ओर भागने की कोशिश की। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी और उसे गिरफ्तार कर लिया गया। उसके कब्जे से एक तमंचा और कारतूस बरामद हुआ।

इसी तरह डोईवाला पुलिस ने लालतप्पड़ क्षेत्र में चेकिंग के दौरान एक स्कूटी सवार को रोका, जिसने पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी फायरिंग में आरोपी घायल हो गया और मौके से तमंचा व कारतूस बरामद किए गए।

शूटरों की पहचान

लाडपुर में घायल बदमाश ने अपना नाम राजीव उर्फ राजू पुत्र अभय राम सिंह निवासी इंद्रा कॉलोनी चक्खुवाला, कोतवाली नगर देहरादून बताया।
लालतप्पड़ क्षेत्र में घायल आरोपी ने अपना नाम पंकज राणा पुत्र अभय राम सिंह निवासी वही पता बताया।

दोनों सगे भाइयों ने तिब्बती मार्केट के पास अर्जुन शर्मा को तमंचे से गोली मारकर हत्या करना स्वीकार किया।

पंकज राणा, विनोद उनियाल के पास ड्राइवर का काम करता था, जबकि राजीव ऑटो चलाता था।

14 करोड़ की डील बना हत्या का कारण

जांच में सामने आया कि मृतक की मां बीना शर्मा, विनोद उनियाल और डॉ. अजय खन्ना का अर्जुन शर्मा से संपत्ति और पैसों को लेकर विवाद चल रहा था।

डॉ. अजय खन्ना की अर्जुन शर्मा की मां बीना शर्मा से जीएमएस रोड स्थित संपत्ति को 14 करोड़ रुपये में खरीदने की डील हुई थी। इसमें से 8 करोड़ रुपये पहले ही दिए जा चुके थे।

लेकिन अर्जुन शर्मा ने इस बिक्री पर न्यायालय से स्टे ले लिया था, जिससे डील अटक गई।

डॉ. अजय खन्ना ने पैसे वापसी के लिए दबाव बनाना शुरू किया। इस मुद्दे पर मां-बेटे के बीच अक्सर विवाद होता था। मृतक की मां ने स्वयं को असुरक्षित बताते हुए माननीय उच्च न्यायालय से सुरक्षा भी प्राप्त की थी।

12 लाख की सुपारी

संपत्ति पर स्टे और मुकदमे के लंबित रहने से परेशान बीना शर्मा, अजय खन्ना और विनोद उनियाल ने अर्जुन शर्मा को रास्ते से हटाने की साजिश रची।

दोनों शूटर भाइयों से 12 लाख रुपये में सौदा तय हुआ। 3 लाख रुपये एडवांस दिए गए थे और शेष राशि हत्या के बाद देने की बात तय हुई थी।

पैसों के लालच में दोनों आरोपियों ने अर्जुन शर्मा की दिनचर्या पर नजर रखी और तिब्बती मार्केट के पास गोली मारकर हत्या कर दी।

पांच गिरफ्तार

पुलिस ने मामले में विनोद उनियाल, डॉ. अजय खन्ना और बीना शर्मा को गिरफ्तार कर लिया है।

मुठभेड़ में पकड़े गए दोनों मुख्य आरोपी पंकज राणा और राजीव को न्यायालय से रिमांड पर लिया गया है। सभी आरोपियों से लगातार पूछताछ की जा रही है।

पहले दिन से अब तक पूरा अपडेट

पहला दिन: तिब्बती मार्केट के पास दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या।
दूसरा दिन: पत्नी की तहरीर पर सास सहित चार लोगों पर हत्या का आरोप।
तीसरा दिन: सीसीटीवी फुटेज में स्कूटी सवार दो शूटर चिन्हित।
चौथा दिन (रात): रायपुर और डोईवाला में दो अलग-अलग मुठभेड़, दोनों शूटर घायल अवस्था में गिरफ्तार।
पांचवां दिन: पूछताछ में 14 करोड़ की प्रॉपर्टी डील और 12 लाख की सुपारी का खुलासा।
वर्तमान स्थिति: मां सहित पांच आरोपी गिरफ्तार, दोनों शूटर रिमांड पर, पुलिस गहन पूछताछ में जुटी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.

https://www.breaknwaves.com/jet_skis_boat_rentals.html