नैनीताल हाईकोर्ट ने पलटी दुष्कर्म मामले में 20 साल की सजा, आरोपी को किया बरी, कोर्ट बोला- जज गवाह नहीं बन सकता

नैनीताल। उत्तराखंड हाईकोर्ट ने चंपावत के टनकपुर में मानसिक रूप से बीमार युवती से दुष्कर्म और उसका वीडियो प्रसारित करने के करीब पांच साल पुराने चर्चित मामले में बड़ा फैसला सुनाया है। हाईकोर्ट ने निचली अदालत की ओर से आरोपी को सुनाई गई 20 साल की कठोर कारावास की सजा रद्द करते हुए उसे बरी कर दिया है। कोर्ट ने अपने फैसले में ट्रायल कोर्ट की कार्यवाही पर गंभीर सवाल उठाए और स्पष्ट टिप्पणी की कि जज गवाह नहीं बन सकता।

न्यायमूर्ति रवींद्र मैठाणी और न्यायमूर्ति सिद्धार्थ साह की खंडपीठ ने मामले की सुनवाई करते हुए कहा कि अभियोजन पक्ष आरोपी के खिलाफ आरोपों को संदेह से परे साबित करने में असफल रहा। ऐसे में आरोपी को संदेह का लाभ दिया जाना जरूरी है।

क्या था पूरा मामला?

यह मामला 26 अगस्त 2021 का है। चंपावत जिले के टनकपुर रोडवेज बस स्टेशन पर मानसिक रूप से बीमार एक महिला के साथ दुष्कर्म का वीडियो प्रसारित होने के बाद मामला सामने आया था। घटना की जानकारी मिलने पर तत्कालीन एसडीएम ने पुलिस को मामले की जांच के निर्देश दिए थे।

पुलिस जांच में दिनेश चौड़ाकोटी निवासी सूखीढांग पर महिला से दुष्कर्म करने और अजय टम्टा निवासी टनकपुर पर दुष्कर्म का वीडियो प्रसारित करने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया था।

मामले की सुनवाई के बाद ट्रायल कोर्ट ने दिनेश चौड़ाकोटी को दुष्कर्म का दोषी करार देते हुए 20 साल के कठोर कारावास और एक लाख रुपये जुर्माने की सजा सुनाई थी। जुर्माना जमा नहीं करने पर दो साल की अतिरिक्त सजा का भी आदेश दिया गया था।

हाईकोर्ट में आरोपी ने उठाए ये सवाल

ट्रायल कोर्ट के फैसले को चुनौती देते हुए आरोपी ने हाईकोर्ट में अपील दायर की थी। आरोपी की ओर से अधिवक्ता अमित कापड़ी ने दलील दी कि जिस वीडियो को मामले का अहम साक्ष्य बताया गया, उसे खुली अदालत में नहीं चलाया गया। सत्र न्यायाधीश ने वीडियो अपने चैंबर में देखकर स्वयं निष्कर्ष निकाल लिया।

बचाव पक्ष ने यह भी कहा कि आरोपी का बयान तक दर्ज नहीं किया गया, जिससे उसे अपना पक्ष रखने और सफाई देने का पर्याप्त अवसर नहीं मिला।

‘जज गवाह नहीं बन सकता’, हाईकोर्ट की अहम टिप्पणी

मामले की सुनवाई के दौरान हाईकोर्ट ने ट्रायल कोर्ट की प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए कहा कि न्यायाधीश किसी साक्ष्य को स्वयं देखकर अपने स्तर पर गवाह की भूमिका नहीं निभा सकता। यदि न्यायाधीश गवाह बनता है तो उसे जिरह के लिए भी स्वयं को प्रस्तुत करना होगा।

खंडपीठ ने यह भी टिप्पणी की कि आरोपी की शुरुआती गिरफ्तारी ही संदिग्ध परिस्थितियों में हुई थी। मेडिकल और एफएसएल रिपोर्ट भी आरोपी से अपराध को जोड़ने में पर्याप्त नहीं थीं।

कोर्ट ने स्पष्ट किया कि किसी दस्तावेज को अदालत में दाखिल कर देना भर उसकी सत्यता साबित करने के लिए पर्याप्त नहीं है। उसे कानून में निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार प्रमाणित करना आवश्यक है।

20 साल की सजा रद्द, आरोपी बरी

सभी तथ्यों और कानूनी पहलुओं पर विचार करने के बाद हाईकोर्ट ने माना कि अभियोजन पक्ष आरोपों को संदेह से परे साबित नहीं कर पाया। इसके बाद खंडपीठ ने आरोपी की अपील स्वीकार करते हुए ट्रायल कोर्ट का सजा संबंधी आदेश रद्द कर दिया और आरोपी को बरी करने का फैसला सुनाया।

हाईकोर्ट का यह फैसला आपराधिक मामलों में निष्पक्ष सुनवाई, साक्ष्यों की वैधानिक स्वीकार्यता और न्यायिक प्रक्रिया के पालन के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *