कानून-व्यवस्था पर कांग्रेस का धामी सरकार पर हमला, गोदियाल बोले- सिर्फ नाम के ‘धाकड़ धामी’ नहीं, काम भी धाकड़ दिखना चाहिए

देहरादून। उत्तराखंड में कानून-व्यवस्था और चंपावत के नाबालिग से जुड़े दुष्कर्म प्रकरण को लेकर सियासत गरमा गई है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी पर तीखा हमला बोलते हुए उनकी ‘धाकड़ धामी’ वाली छवि पर सवाल उठाए हैं। गोदियाल ने कहा कि मुख्यमंत्री के नाम के आगे धाकड़ जुड़ने से कुछ नहीं होगा, उनके काम और फैसलों में भी धाकड़पन दिखाई देना चाहिए।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने चंपावत में सामने आए नाबालिग से दुष्कर्म के मामले का हवाला देते हुए पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि करीब आठ से दस महीने पहले इस प्रकरण में नाबालिग और उसके पिता ने शुरुआत में एक व्यक्ति को नामजद किया था। इसके बाद पुलिस ने संबंधित व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया था।

गोदियाल के मुताबिक, कुछ दिन बाद नाबालिग और उसके पिता के बयान बदल गए और शिकायतकर्ता का ही नाम आरोपी के रूप में सामने आ गया। उन्होंने दावा किया कि शिकायतकर्ता पिछले करीब आठ महीने से जेल में बंद है।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि अब इस मामले में एक नया मोड़ सामने आया है। उनके अनुसार, नाबालिग ने कथित तौर पर अपने बयान में कहा है कि उसे पुलिस स्टेशन बुलाकर पुलिसकर्मियों ने बयान बदलने के लिए दबाव बनाया था। गोदियाल ने इस पूरे घटनाक्रम को गंभीर बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड को देवभूमि के साथ-साथ न्यायप्रिय और कानून का सम्मान करने वाले लोगों की भूमि के रूप में जाना जाता है। ऐसे में यदि किसी नाबालिग पर बयान बदलने का दबाव बनाया गया और शिकायतकर्ता को ही जेल में बंद कर दिया गया, तो यह बेहद गंभीर मामला है।

गोदियाल ने जनता से भी इस पूरे प्रकरण को गंभीरता से समझने की अपील की। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति लगातार सवालों के घेरे में है और सरकार को इस मामले में जवाब देना चाहिए।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष के इस बयान के बाद एक बार फिर कानून-व्यवस्था और पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर प्रदेश की राजनीति में बहस तेज होने के आसार हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *