हल्द्वानी। उत्तराखंड में आपदा और अग्निकांड से निपटने की तैयारियों के दावों के बीच नैनीताल स्थित कुमाऊं कमिश्नरी में फायर सेफ्टी व्यवस्था की गंभीर खामियां सामने आई हैं। बुधवार को मंडलायुक्त कार्यालय परिसर में आयोजित मॉक ड्रिल के दौरान कहीं फायर हाइड्रेंट में पानी का दबाव कम मिला, तो कहीं सड़क के ऊपर झूलते बिजली और केबल के तारों के कारण दमकल का बड़ा वाहन परिसर तक नहीं पहुंच पाया। हैरानी की बात यह रही कि सूचना मिलने के करीब 20 मिनट बाद दमकल और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं।
दरअसल, कमिश्नरी परिसर में आग लगने की स्थिति में राहत और बचाव व्यवस्था की वास्तविक तैयारी परखने के लिए यह मॉक ड्रिल आयोजित की गई थी। दोपहर 12 बजकर 17 मिनट पर मंडलायुक्त कार्यालय से धुआं उठने की काल्पनिक सूचना आपदा कंट्रोल रूम को दी गई। इसके बाद आपातकालीन नंबर 1077 के माध्यम से फायर ब्रिगेड और राहत-बचाव टीमों को अलर्ट किया गया।
करीब 20 मिनट बाद फायर सेफ्टी और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। सबसे पहले बिजली की आपूर्ति बंद कराई गई और इसके बाद आग बुझाने की कार्रवाई की गई। मॉक ड्रिल के तहत आग में झुलसे दो कर्मचारियों और भगदड़ जैसी स्थिति में घायल हुए तीन अन्य कार्मिकों को सुरक्षित बाहर निकालकर बीडी पांडे अस्पताल पहुंचाया गया। साथ ही आसपास की इमारतों की सुरक्षा जांच और संवेदनशील स्थानों पर बैरिकेडिंग भी की गई।
फायर हाइड्रेंट में कम मिला पानी का दबाव
इस मॉक ड्रिल में सबसे चिंताजनक स्थिति फायर हाइड्रेंट को लेकर सामने आई। कमिश्नरी और जिला न्यायालय के पास स्थापित फायर हाइड्रेंट में पानी का दबाव अपेक्षा से कम पाया गया। ऐसे में वास्तविक आग लगने की स्थिति में शुरुआती स्तर पर आग बुझाने में परेशानी हो सकती है।
झूलते तारों ने रोका दमकल का रास्ता
मॉक ड्रिल के दौरान दूसरी बड़ी खामी सड़कों के ऊपर झूलते बिजली और अन्य केबल के तारों के रूप में सामने आई। इनके कारण दमकल का बड़ा वाहन कमिश्नरी गेट तक नहीं पहुंच सका। ऐतिहासिक और लकड़ी से बने भवनों वाले इस परिसर में ऐसी बाधाएं किसी बड़े अग्निकांड के दौरान गंभीर खतरा पैदा कर सकती हैं।
मंडलायुक्त ने जताई नाराजगी, दिए सुधार के निर्देश
व्यवस्थाओं में सामने आई खामियों पर मंडलायुक्त दीपक रावत ने नाराजगी जताई। उन्होंने जल संस्थान को फायर हाइड्रेंट का वैज्ञानिक तरीके से परीक्षण कराने और पानी के कम दबाव की समस्या दूर करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही संबंधित विभागों को बिजली और केबल के झूलते तारों की जांच कर आवश्यक सुधार करने को कहा।
मंडलायुक्त ने ऐसे क्षेत्रों का भी आकलन करने के निर्देश दिए, जहां संकरी सड़कें और सीढ़ियां होने के कारण दमकल के बड़े वाहन नहीं पहुंच सकते।
इस मॉक ड्रिल ने साफ कर दिया कि आपदा या अग्निकांड के समय केवल राहत-बचाव टीमों की उपलब्धता ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि पानी की पर्याप्त व्यवस्था, सुगम रास्ते और त्वरित प्रतिक्रिया भी बेहद जरूरी हैं। अब देखना होगा कि अभ्यास के दौरान सामने आई इन खामियों को दूर करने के लिए संबंधित विभाग कितनी तेजी से कदम उठाते हैं।