हरिद्वार में भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक शुरू, 2027 में 65 पार के लक्ष्य पर मंथन, आज पहुंचेंगे राजनाथ सिंह

हरिद्वार। उत्तराखंड में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में हरिद्वार में भाजपा की विस्तृत प्रदेश कार्यसमिति की बैठक शुरू हो गई है। बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, सदस्यता अभियान को गति देने और सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने की रणनीति पर चर्चा हो रही है। पार्टी ने आगामी विधानसभा चुनाव में 65 से अधिक सीटें जीतने का लक्ष्य रखा है। इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए संगठन और सरकार के बीच बेहतर तालमेल बनाने पर भी जोर दिया जा रहा है।

बैठक में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, प्रदेश प्रभारी, सह प्रभारी और प्रदेश कार्यसमिति के सदस्य एवं पदाधिकारी शामिल हुए हैं। बैठक के दौरान राजनीतिक और आर्थिक प्रस्तावों पर चर्चा के साथ ही आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों की रूपरेखा को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

सातों मोर्चों को एक-एक लाख नए सदस्य जोड़ने का लक्ष्य

बैठक के पहले दिन भाजपा ने अपने सातों मोर्चों को एक-एक लाख नए सदस्य जोड़ने का लक्ष्य दिया। पार्टी की रणनीति है कि सदस्यता अभियान के माध्यम से संगठन का विस्तार गांव, बूथ, मंडल और जिला स्तर तक किया जाए। इसके साथ ही सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने के लिए जनआशीर्वाद यात्रा निकालने की योजना पर भी मंथन किया जा रहा है।

भाजपा 25 दिसंबर से जनआशीर्वाद यात्रा शुरू करने की तैयारी में है। यात्रा का आगाज गंगोत्री और गोल्ज्यू देवता मंदिर से किए जाने की योजना है। इसके माध्यम से प्रदेश की सभी विधानसभा क्षेत्रों तक पहुंचकर सरकार के विकास कार्यों और उपलब्धियों को जनता के सामने रखा जाएगा।

आज हरिद्वार पहुंचेंगे रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह

प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में आज रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी शामिल होंगे। उनके संबोधन को आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। राजनाथ सिंह पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को चुनाव में जीत सुनिश्चित करने के लिए संगठनात्मक रणनीति और मार्गदर्शन देंगे। संगठन और सरकार में लंबे राजनीतिक अनुभव के आधार पर उनका संबोधन प्रदेश भाजपा के लिए महत्वपूर्ण होगा।

65 पार के लक्ष्य को हासिल करने की बनेगी रणनीति

गौरतलब है कि इससे पहले भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव संगठन बीएल संतोष ने देहरादून पहुंचकर प्रदेश पदाधिकारियों के साथ बैठक की थी। इस दौरान उन्होंने 2027 के विधानसभा चुनाव में 65 पार के लक्ष्य को हासिल करने के लिए संगठन को सक्रिय करने के निर्देश दिए थे। साथ ही दिसंबर तक प्रदेशभर में जनआशीर्वाद यात्रा और संवाद कार्यक्रम आयोजित करने का लक्ष्य दिया गया था।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी विश्वास जताया है कि भाजपा आगामी विधानसभा चुनाव में हैट्रिक लगाते हुए बड़े बहुमत के साथ सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता जीत का संकल्प लेकर जनता के बीच जाएंगे और सरकार के विकास कार्यों को लोगों तक पहुंचाएंगे।

हरिद्वार में हो रही इस बैठक को भाजपा की 2027 चुनावी रणनीति के लिहाज से अहम माना जा रहा है। अब सबकी निगाहें रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के संबोधन और बैठक में लिए जाने वाले संगठनात्मक फैसलों पर टिकी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *