नैनीताल: हल्द्वानी में बुजुर्ग कारोबारी दंपती को कथित हनीट्रैप में फंसाकर ब्लैकमेलिंग, करोड़ों रुपये की वसूली और संपत्ति हड़पने के मामले में आरोपी महिला को उत्तराखंड हाईकोर्ट से अंतरिम राहत मिली है। हाईकोर्ट ने महिला की गिरफ्तारी पर बुधवार तक रोक लगाते हुए राज्य सरकार से मामले में जानकारी लेकर अदालत के समक्ष पेश करने के निर्देश दिए हैं।
मामले की सुनवाई न्यायमूर्ति पंकज पुरोहित की एकल पीठ में हुई। आरोपी महिला की ओर से दर्ज एफआईआर को चुनौती देते हुए क्रिमिनल पिटीशन दाखिल की गई थी। याचिका में गिरफ्तारी पर रोक लगाने की मांग की गई थी, जिस पर सुनवाई के बाद अदालत ने फिलहाल अंतरिम राहत प्रदान की।
बुजुर्ग कारोबारी ने छह लोगों पर लगाए गंभीर आरोप
मामले के अनुसार, हल्द्वानी के एक बुजुर्ग कारोबारी ने एक महिला समेत छह लोगों पर हनीट्रैप में फंसाकर ब्लैकमेलिंग और करोड़ों रुपये की अवैध वसूली करने का आरोप लगाया है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि आरोपियों ने फोटो और वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उनसे मोटी रकम वसूली। इसके साथ ही उनकी संपत्ति भी कथित तौर पर हड़प ली गई।
पीड़ित कारोबारी ने मामले में नैनीताल के एसएसपी को शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। साथ ही अपनी सुरक्षा को लेकर भी गुहार लगाई थी।
एफआईआर को चुनौती देने पर हाईकोर्ट से अंतरिम राहत
इस मामले में दर्ज एफआईआर को निरस्त कराने और गिरफ्तारी से राहत पाने के लिए आरोपी महिला ने हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया था। सुनवाई के दौरान याचिकाकर्ता, राज्य सरकार और शिकायतकर्ता पक्ष के अधिवक्ताओं की दलीलें सुनने के बाद अदालत ने महिला की गिरफ्तारी पर बुधवार तक रोक लगा दी।
हाईकोर्ट ने राज्य सरकार को मामले से संबंधित आवश्यक जानकारी और निर्देश प्राप्त कर अगली सुनवाई में अदालत के समक्ष प्रस्तुत करने को कहा है। फिलहाल आरोपी महिला को मिली राहत अंतरिम है। मामले में आगे की सुनवाई के दौरान अदालत का रुख और राज्य सरकार का पक्ष महत्वपूर्ण रहेगा।