हरिद्वार: उत्तराखंड में 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की विस्तारित प्रदेश कार्यसमिति की दो दिवसीय बैठक हरिद्वार के प्रेमनगर आश्रम में आयोजित की जा रही है। बैठक के अंतिम दिन मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी हरिद्वार पहुंचकर कार्यक्रम का शुभारंभ कर चुके हैं। प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट समेत पार्टी के वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता बैठक में मौजूद हैं। केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी आज बैठक में शामिल होकर पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे।
बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर संगठन की रणनीति, बूथ स्तर पर मजबूती, पार्टी के आगामी कार्यक्रमों और सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने पर चर्चा की जा रही है। भाजपा ने प्रदेश में लगातार तीसरी बार सरकार बनाने का लक्ष्य तय किया है, जिसे लेकर संगठन स्तर पर तैयारियां तेज की जा रही हैं।
2027 चुनाव को लेकर संगठन को मजबूत करने पर जोर
कार्यसमिति की बैठक में चुनाव से पहले संगठन को प्रदेश से लेकर बूथ स्तर तक मजबूत बनाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। पार्टी की रणनीति के तहत पन्ना प्रमुख, शक्ति केंद्र, मंडल और विभिन्न मोर्चों को सक्रिय कर चुनावी अभियान को धार देने की तैयारी है। पहले दिन की बैठक में प्रत्येक मोर्चे को एक लाख नए कार्यकर्ता जोड़ने का लक्ष्य भी दिया गया।
इसके साथ ही अन्य राजनीतिक दलों से भाजपा में शामिल होने वाले लोगों को पार्टी से जोड़ने की जिम्मेदारी विभिन्न मोर्चों को देने पर चर्चा हुई। बैठक को आगामी विधानसभा चुनाव से पहले संगठन की दिशा और रणनीति तय करने के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
‘2027 में भाजपा का चेहरा पार्टी होगी’
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता आधारित पार्टी है और साल के 365 दिन चुनाव के लिए तैयार रहती है। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रदेश कार्यसमिति में शामिल पदाधिकारी और कार्यकर्ता नई ऊर्जा के साथ लौटेंगे और 2027 विधानसभा चुनाव में बड़े बहुमत से सरकार बनाने के संकल्प के साथ काम करेंगे।
सीएम धामी ने कहा कि भाजपा प्रदेश से लेकर बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करेगी। पन्ना प्रमुख, शक्ति केंद्र, मंडल और सभी मोर्चों को सक्रिय किया जाएगा। सरकार की योजनाओं और विकास कार्यों को जनता तक पहुंचाने के साथ उत्तराखंड में विकास की गति तेज की जाएगी।
वहीं 2027 विधानसभा चुनाव में तीसरी बार मुख्यमंत्री का चेहरा बनने के सवाल पर मुख्यमंत्री धामी मुस्कुराते हुए बोले, “चेहरा भाजपा होगी।” उन्होंने कहा कि पार्टी संगठन और कार्यकर्ताओं की ताकत के दम पर चुनाव मैदान में उतरेगी और प्रदेश में प्रचंड बहुमत की सरकार बनाएगी।
राजनाथ सिंह के कार्यक्रम पर भी नजर
केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के हरिद्वार पहुंचने का कार्यक्रम निर्धारित है। वह जौलीग्रांट एयरपोर्ट से हेलीकॉप्टर के जरिए गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय हेलीपैड पहुंचेंगे, जहां से सड़क मार्ग से प्रेमनगर आश्रम जाकर कार्यसमिति की बैठक में शामिल होंगे। उनके संबोधन को चुनावी तैयारियों और कार्यकर्ताओं के उत्साह के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
भाजपा की यह दो दिवसीय बैठक आगामी विधानसभा चुनाव से पहले संगठनात्मक तैयारियों का अहम पड़ाव मानी जा रही है। हरिद्वार में कार्यसमिति के जरिए पार्टी ने 2027 के चुनावी अभियान को गति देने और तीसरी बार सत्ता में वापसी के लक्ष्य के साथ रणनीतिक मंथन शुरू कर दिया है।